बालोतरा। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने जिले के समस्त जन प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओ, वरिष्ठ नागरिकों, समाज सेवी संस्थाओं एवं राज्य कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि जिले को पोलियों से मुक्त बनाने हेतु राज्य सरकार के निर्देशानुसार 08 दिसंबर को राष्ट्रीय पल्स पोलियों टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
जिसके अन्तर्गत 0-5 वर्ष तक के सभी बच्चों को घर-घर जाकर पोलियों की दवा निःशुल्क पिलाई जायेगी। इसके लिए सम्पूर्ण जिले में सभी जगह बूथ बनाये गये है तथा आवश्यकतानुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो पर भ्रमणशील दलों द्वारा दूर दराज क्षेत्रों के बच्चों को पोलियों खुराक पिलाने का कार्य किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य में जन भागीदारी बनाने तथा जिले को पोलियों से मुक्त बनाने का संकल्प घर – घर पहुंचाने के लिए 07 दिसंबर को प्रातः 8 बजे जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय, प्रत्येक पंचायत समिति मुख्यालय, ग्राम पंचायत मुख्यालय, प्रत्येक राजस्व ग्राम, जहां प्राथमिक विद्यालय है, वहां पर विशाल पल्स पोलियों जन चेतना रैली जिला प्रशासन, पंचायती राज विभाग चिकित्सा विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जावेगी। जिसमें आम जनता, जन प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों, समाज सेवी संस्थाओं एवं राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्र छात्रों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है। उन्होंने रैली को सहयोग प्रदान कर पल्स पोलियों अभियान को सफल बनाने की अपील की।