भाजपा सक्रिय सदस्य सम्मेलन में कर्नल राज्यवर्धन का आह्वान, कार्यकर्ताओं को सशक्त करने पर जोर

ram

जयपुर। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री और झोटवाड़ा से विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने शुक्रवार को झोटवाड़ा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सक्रिय सदस्य सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के ऊर्जावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के सदस्यता अभियान को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा आज करोड़ों देशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा कर रही है, और इसका श्रेय पार्टी के उन कर्मठ कार्यकर्ताओं को जाता है जो संगठन के प्रति अटूट सेवा भाव रखते हैं और राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि मानते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण की सराहना की।
उन्होंने आगे कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दे रही है।
कर्नल राज्यवर्धन ने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने उनसे आह्वान किया कि वे और अधिक उत्साह के साथ सदस्यता अभियान में जुटें और समाज के हर वर्ग तक भाजपा की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से पार्टी और भी मजबूत होगी और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।
इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा के सक्रिय सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और पार्टी के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह सम्मेलन कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *