चूरू। अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस — 2025 के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला सहकारी भूमि विकास बैंक में एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा सहित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि सामूहिक प्रयास और भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इनका सशक्त होना सामाजिक समृद्धि की कुंजी है। सहकारिता आंदोलन की आत्मा केवल आर्थिक सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है, यह समाज निर्माण की भावना से भी जुड़ा हुआ है। सहकारिता एक सशक्त सामाजिक-आर्थिक माध्यम है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़— माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ हमारी मातृभक्ति के प्रति संवेदनशीलता को भी दर्शाता है। हम अधिकाधिक पेड़ लगाएं तथा पर्यावरण का संरक्षित व सुरक्षित करें, यह हम सभी का नैतिक दायित्व है। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन हमारे सामने गंभीर चुनौती हैं। हम अपनी पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को भी समझें तथा उनका समुचित निर्वहन करें।
चूरू: सामूहिक प्रयास और भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव : सहारण
ram