मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एथेंस में ईकेडीडीए के महानिदेशक के साथ की द्विपक्षीय बैठक

ram

जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने सोमवार को ग्रीस की राजधानी एथेंस में ग्रीस के राष्ट्रीय लोक प्रशासन एवं स्थानीय सरकार केंद्र (ईकेडीडीए) के महानिदेशक डॉ. वासिलिस एक्सारखोस के साथ द्विपक्षीय बैठक की। ग्रीस की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा के पहले दिन आईएएसआईए-2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर आयोजित इस बैठक में आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस, प्रशासनिक सुधार और जन-केंद्रित सेवाओं के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिवेश में लोक प्रशासन से जुड़े संस्थानों के बीच ज्ञान, अनुभव और नवाचारों का आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सम्मेलन के आयोजन के लिए ईकेडीडीए को बधाई देते हुए आईआईएएस और ईकेडीडीए के बीच दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे यूरोपीय संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय लोक प्रशासन समुदाय के बीच सहयोग को नई दिशा मिल सके।
वी. श्रीनिवास ने ‘लोक प्रशासन के लिए मानव-केंद्रित आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस’ विषय पर संयुक्त कार्य समूह गठित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने डिजिटल गवर्नेंस, साइबर सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन के प्रति अनुकूलन क्षमता, आपदा प्रबंधन और लोक सेवकों के लिए भविष्य की आवश्यक दक्षताओं के विकास में संयुक्त अनुसंधान एवं प्रशिक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाना नहीं, बल्कि शासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करना तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बनाना भी होना चाहिए। भारत की डिजिटल गवर्नेंस पहल का उल्लेख करते हुए मुख्य सचिव ने केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीग्राम्स) तथा ई-ऑफिस को भारत और ग्रीस के बीच सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (एनसीजीजी) द्वारा 34 देशों के लोक सेवकों के लिए प्रतिवर्ष 47 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। केंद्र की आगामी पांच वर्षों में 8 हजार अतिरिक्त विदेशी लोक सेवकों को प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना है। राजस्थान में प्रशासनिक सुधारों के अनुभव साझा करते हुए वी. श्रीनिवास ने बताया कि प्रदेश में जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए नेक्स्ट जनरेशन राजस्थान संपर्क प्रणाली तथा आधारभूत संरचना परियोजनाओं की निगरानी के लिए राज उन्नति मंच का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने मिशन कर्मयोगी के तहत राजस्थान सरकार के 70 सचिवों के लिए आयोजित क्षमता संवर्धन कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। साथ ही प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्य निष्पादन की नियमित निगरानी को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन’ के विजन के अनुरूप भारत डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिकों और सरकार के बीच संवाद एवं सेवाओं की प्रक्रिया को सरल बना रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और मानवीय दृष्टिकोण का समन्वय ही भविष्य की सुशासन व्यवस्था का आधार बनेगा। सम्मेलन में मुख्य सचिव के आगामी कार्यक्रम उल्लेखनीय है कि वी. श्रीनिवास 12 से 15 अक्टूबर तक एथेंस में ‘बदलते विश्व के लिए शासन पर पुनर्विचार’ विषय पर आयोजित आईएएसआईए-2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सोमवार को आईएएसआईए प्रबंधन बोर्ड की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद 13 अक्टूबर को आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे तथा 14 अक्टूबर को सम्मेलन का उद्घाटन संबोधन और 15 अक्टूबर को समापन संबोधन देंगे। सम्मेलन के दौरान वी. श्रीनिवास के नेतृत्व में विकसित किए जा रहे आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के लगभग 600 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *