राजस्थान के औद्योगिक विकास में भागीदार बनेंगे प्रवासी राजस्थानी

ram

जयपुर: राजस्थान सरकार राज्य में निवेश बढ़ाने के साथ-साथ प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, विशेषज्ञता और ग्लोबल नेटवर्क का भी लाभ उठाना चाहती है, ताकि प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके। इसी दिशा में प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के तहत आयोजित होने वाले छह प्रमुख सेक्टोरल सेशन्स में से एक इंडस्ट्रीज सेक्टोरल सेशन में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर विशेष फोकस रहेगा। यह सत्र 10 दिसंबर को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित होगा। इसमें प्रवासी राजस्थानी, निवेशक और उद्योग जगत से जुड़े लोग एक साथ जुटेंगे। सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उभरते अवसरों, राज्य की औद्योगिक नीतियों और निवेश प्रोत्साहन योजनाओं पर चर्चा होगी। साथ ही, राजस्थान के औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया जाएगा। यह सेशन दो-तरफा संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। इसके माध्यम से राज्य सरकार जहां अपने ग्लोबल प्रवासी समुदाय से जुड़ सकेगी, वहीं प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश में उभर रहे निवेश के अवसरों, अलग-अलग सेक्टर्स की नीतियों, प्रोत्साहनों और विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी भी मिलेगी। इस सत्र में होने वाली चर्चा से नए निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ रणनीतिक साझेदारी, तकनीकी सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। साथ ही, ऐसे अवसरों की पहचान पर भी जोर रहेगा, जिनसे नए प्रोजेक्ट्स शुरू हो सकें, मौजूदा कारोबार का विस्तार हो और बेहतर रोजगार के अवसर पैदा हों। इससे राजस्थान को निवेश के पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन के आयुक्त नीलाभ सक्सैना ने कहा, “प्रवासी राजस्थानी अपने साथ वैश्विक अनुभव, उद्योग जगत की गहरी समझ और अंतरराष्ट्रीय मार्केट्स की जानकारी लेकर आते हैं। राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में उनका योगदान महत्वपूर्ण हो सकता है। यह सेशन विचारों के आदान-प्रदान, नई संभावनाओं को तलाशने और ऐसी साझेदारी बनाने का अवसर देगा, जो राजस्थान के दीर्घकालीन औद्योगिक विकास में सहायक होंगी।” माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित राजस्थान 2047’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार औद्योगिक इकोसिस्टम और निवेश से जुड़ी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत कर रही है। राज निवेश सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से वर्तमान में 19 विभागों की 190 अप्रूवल्स उपलब्ध हैं। इससे सरकारी प्रक्रियाएं आसान हुई हैं और निवेशकों को कारोबार शुरू करने तथा उसका विस्तार करने में सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) 2024 और विभिन्न क्षेत्रों के लिए बनाई गई विशेष नीतियां राज्य को उद्योग और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद कर रही हैं। यह सेक्टोरल सेशन इन सुविधाओं और अवसरों को प्रवासी राजस्थानियों के सामने रखने का अवसर भी होगा, ताकि उनकी विशेषज्ञता, नेटवर्क और निवेश का लाभ प्रदेश के औद्योगिक विकास को मिल सके। राजस्थान की आर्थिक प्रगति भी राज्य की बढ़ती औद्योगिक संभावनाओं को दर्शाती है। प्रदेश में औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और निर्यात का आंकड़ा 1 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। वर्ष 2025-26 में राजस्थान की GSDP ग्रोथ 10.24% दर्ज की गई। इसी अवधि में FDI (फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट) में लगभग 178% की बढ़ोतरी हुई और यह 8,812 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, वर्ष 2025-26 में राज्य का निर्यात 99,788 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2021-22 से 8.2 प्रतिशत की CAGR ग्रोथ दर्शाता है। राजस्थान में RIICO का नेटवर्क 474 इंडस्ट्रियल एरियाज तक फैला हुआ है, जो करीब एक लाख एकड़ क्षेत्र में विकसित हैं। इन क्षेत्रों में 47,000 से अधिक औद्योगिक इकाइयां उत्पादन कर रही हैं। इसके साथ ही, राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, डिफेंस और एयरोस्पेस, मेडिकल डिवाइसेज, सिरेमिक्स, पेट्रोकेमिकल्स और एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे सेक्टर्स के लिए विशेष औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किए जा रहे हैं। इससे स्थापित उद्योगों के साथ-साथ नए बिजनेस के लिए भी अवसर तैयार हो रहे हैं। राजस्थान की बेहतर लोकेशन और कनेक्टिविटी भी निवेश के लिहाज से एक बड़ी ताकत है। वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) का लगभग 39 प्रतिशत हिस्सा राजस्थान से होकर गुजरता है। इसके अलावा, राज्य में सड़क और रेल नेटवर्क के साथ लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर का भी विस्तार हो रहा है। इससे उद्योगों को बड़े बाजारों, सप्लाई चेन और प्रमुख उपभोक्ता केंद्रों तक पहुंचने में आसानी मिलती है। प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 का आयोजन 8 से 10 दिसंबर तक तीन दिनों के लिए किया जाएगा। इसमें दुनिया भर में बसे प्रवासी राजस्थानी एक मंच पर जुटेंगे। इसका उद्देश्य उन्हें अपनी मातृभूमि से जोड़ना और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम की शुरुआत 8 दिसंबर को शेखावाटी हेरिटेज मीट से होगी। इसके बाद 9 दिसंबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी में मुख्य समारोह होगा, जिसमें छह सेक्टोरल सेशन्स आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में प्रवासी राजस्थानी, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि और अन्य संबंधित पक्ष आपसी संवाद राज्य सरकार का प्रयास है कि इन चर्चाओं के जरिए बनने वाली पार्टनरशिप और प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, विशेषज्ञता एवं निवेश को प्रदेश के विकास में उपयोगी योगदान में बदला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *