मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी पशुपालकों का संबल, 108 करोड़ रुपये की बीमा राशि का हुआ भुगतान

ram

-पशुधन की सुरक्षा के साथ पशुपालकों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार की बड़ी पहल

जयपुर। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत प्रदेश के पशुपालकों को आर्थिक राहत प्रदान करते हुए अब तक 108 करोड़ रुपये से अधिक की बीमा राशि का भुगतान किया जा चुका है। राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल से पशुपालकों को पशुधन की सुरक्षा के साथ आर्थिक जोखिम से बचाव में सहायता मिल रही है। अब तक 18 लाख से अधिक पशुपालकों ने अपने 44 लाख से अधिक पशुओं का पंजीकरण कराया है जिनमें से 30 लाख से अधिक पशुओं को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। 27.56 लाख पशुओं के लिए बीमा पॉलिसी जारी की जा चुकी है।

पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेश के लाखों परिवारों की आजीविका पशुधन पर निर्भर है। ऐसे में पशुओं का बीमा पशुपालकों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करता है। अक्सर किसी प्राकृतिक आपदा या अचानक किसी बीमारी के फैलने से पशुओं की अकाल मृत्यु हो जाती है और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति चरमरा जाती है। उन्हें बड़े आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति से पशुपालकों को बचाने और उन्हें आर्थिक संबल देने के लिए राजस्थान सरकार ने इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पशुपालकों के हित में एक अभिनव फैसला लिया। किसानों और पशुपालकों के हितैषी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुये उनके अमूल्य पशुधन का बीमा कर पशुपालकों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के लिए ‘‘मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना‘‘ की शुरुआत की। इस योजना का लाभ प्रदेश के पशुपालकों को मिलना प्रारंभ हो गया है। 108 करोड़ रुपये का भुगतान इसी दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विभाग के निदेशक डॉ सुरेश मीना ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का अधिक से अधिक बीमा कराने के लिए अपने नजदीक के पशु चिकित्सा संस्थान में संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *