मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने किया मिठाई दुकानों का निरीक्षण, लिए मिठाइयों के नमूने

ram

बालोतरा। नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदराम ने रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी एवं जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत बालोतरा में महेश स्वीट्स, मुकेश स्वीट्स सेंटर एवं मनमोहन स्वीट होम का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच परिणाम के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदराम ने मिठाई दुकान संचालकों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरधारी राम एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत विशार ने नमूने लिए। टीम में अरविन्द कुमार एवं होमगार्ड गंगाराम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को मिलावट एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *