अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर निर्देश दिये

ram

बालोतरा। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर पोर्टल पर लंबित मामलों को शून्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभागीय अधिकारी हर माह व्यक्तिगत रूप से कम से कम 10 परिवादियों से संवाद कर उनके प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे आमजन की संतुष्टि में वृद्धि हो और शिकायत निवारण व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके। उन्होंने जिले में आयोजित किए जा रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग के अधिकारी शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और मौके पर ही आमजन की समस्याओं का समाधान कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।
बैठक में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में सर्वेयर नियुक्त कर शत-प्रतिशत पात्र पशुओं का पंजीकरण कराने तथा बीमा पॉलिसियों का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र पशुपालक तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय स्तर पर विशेष प्रयास किए जाएं। इसके अलावा बैठक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी बुद्धाराम, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक दुष्यंत पटेल समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *