पंचायती राज आम चुनाव 2026 : प्रथम चरण के मतदान की तैयारियां पूर्ण, बुधवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल होंगे रवाना

ram

झालावाड़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत झालावाड़ जिले में प्रथम चरण के मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। प्रथम चरण में पंचायत समिति डग, भवानीमण्डी, अकलेरा एवं मनोहरथाना क्षेत्रों में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, पंच एवं सरपंच पदों के लिए होने वाले मतदान के मद्देनजर बुधवार, 21 अक्टूबर को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान करने के पश्चात् राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, झालावाड़ से संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचन्द्र खटिक ने बताया कि प्रथम चरण के तहत पंचायत समिति डग, भवानीमण्डी, अकलेरा एवं मनोहरथाना क्षेत्रों में 22 अक्टूबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए मतदान होगा। वहीं, 24 अक्टूबर को इन्हीं क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इन चुनावों को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए संबंधित पंचायत समितियों के कुल 467 मतदान केन्द्रों तथा 128 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान दलों की रवानगी से पूर्व उन्हें अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों, मतदान केन्द्रों पर अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों तथा निर्वाचन दायित्वों के निर्वहन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि सभी मतदानकर्मी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत संबंधित क्षेत्रों में 9 एरिया मजिस्ट्रेट एवं 64 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नियुक्त मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में निर्वाचन व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित समन्वय एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा भी पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत 1590 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित 465 होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा कार्मिकों की तैनाती के माध्यम से मतदान केन्द्रों एवं संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

जिला निर्वाचन प्रशासन द्वारा प्रथम चरण के मतदान को लेकर प्रशिक्षण, मतदान दलों की रवानगी, प्रशासनिक निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *