श्री चन्द्रभागा पशुमेला (कार्तिक) 2026 : 20 नवम्बर से 28 नवम्बर तक होगा आयोजन, 20 नवम्बर को होगा भव्य उद्घाटन

ram

झालावाड़। झालरापाटन में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय श्री चन्द्रभागा पशुमेला (कार्तिक) 2026 के कार्यक्रमों का जिला स्तरीय मेला समिति द्वारा अनुमोदन किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पशुमेले का आयोजन 20 नवम्बर से 28 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा। मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं, दुकानों के लिए भूखण्डों की नीलामी, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पशु प्रतियोगिताओं एवं पारितोषिक वितरण समारोह सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. चम्पालाल मीणा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मेले के सफल आयोजन के लिए 12 नवम्बर 2026 को मेला कार्यालय एवं भण्डार की स्थापना की जाएगी। 14 नवम्बर से 18 नवम्बर तक दुकानों के लिए भूखण्डों की नीलामी की जाएगी, जबकि 15 नवम्बर को गोबर एवं अन्य ठेकों की नीलामी खुली बोली के माध्यम से की जाएगी। नीलामी के पश्चात शेष रहे भूखण्डों का आवंटन समिति द्वारा 19 नवम्बर से किया जाएगा।

मेले में टोल टैक्स वसूली एवं मेला चौकियों की स्थापना का कार्य 19 नवम्बर से प्रारम्भ होगा। इसके पश्चात 20 नवम्बर से मेले में प्रदर्शनी शुरू होगी। मेले का उद्घाटन समारोह 20 नवम्बर 2026 को सायं 3 बजे आयोजित किया जाएगा।

मेले के दौरान 23 नवम्बर से 25 नवम्बर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पशुओं के क्रय-विक्रय के लिए सफेद चिट्ठी (पशु क्रय-विक्रय पर्ची) जारी करने की प्रक्रिया 23 नवम्बर से प्रारम्भ होगी। वहीं, 24 एवं 25 नवम्बर को पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। पशुओं के रवन्ना जारी करने की प्रक्रिया 25 नवम्बर से शुरू होगी। इसी दिन पशु प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं पशुपालकों के लिए पारितोषिक वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

राज्य स्तरीय श्री चन्द्रभागा पशुमेला (कार्तिक) का समापन 28 नवम्बर 2026 को होगा। मेले के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के क्रय-विक्रय, पशुपालन से संबंधित गतिविधियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। मेले में आने वाले पशुपालकों, व्यापारियों एवं आमजन की सुविधा के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *