राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 10 अक्टूबर को

ram

जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार, 10 अक्टूबर (द्वितीय शनिवार) को राजकीय अवकाश के दिन किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत जोधपुर जिला न्यायक्षेत्र के अधीनस्थ समस्त तालुका विधिक सेवा समितियों क्रमशः बिलाड़ा, बालेसर, ओसियां, पीपाड़ एवं भोपालगढ़ के अंतर्गत स्थित न्यायालयों में राजीनामा योग्य लंबित दीवानी एवं फौजदारी प्रकरणों, प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के साथ-साथ राजस्व प्रकरणों के निस्तारण के लिए बैंचों का गठन किया गया है।

इसी क्रम में जोधपुर जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन के लिए तीन बैंचों का गठन किया गया है। बैंच संख्या-01 की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जोधपुर जिला सुश्री शिवानी सिंह करेंगी। बैंच संख्या-02 के अध्यक्ष सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला डॉ. मनीष हरजाई तथा बैंच संख्या-03 के अध्यक्ष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोधपुर जिला महेन्द्र कुमार टॉक होंगे।

इन बैंचों में क्रमशः पैनल अधिवक्ता भानुप्रकाश दाधीच, श्वेता अग्रवाल एवं रेणू बोहरा बैंच सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान गठित बैंचों द्वारा जोधपुर जिला मुख्यालय स्थित न्यायालयों में आपसी समझाइश एवं राजीनामे के माध्यम से अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *