चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से आमजन की समस्याओं का गांव स्तर पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। डूंगला एवं राशमी पंचायत समितियों में आयोजित शिविरों में पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ और वर्षों से लंबित समस्याओं का मौके पर ही समाधान मिलने से ग्रामीणों में संतोष और खुशी का माहौल है।
डूंगला पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नाड़ाखेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर बुजुर्ग श्री सत्यनारायण के लिए जीवन का सच्चा सहारा बन गया। आर्थिक तंगी और वृद्धावस्था के कारण वे लंबे समय से मुख्यमंत्री वृद्धावस्था सम्मान पेंशन योजना का लाभ लेने से वंचित थे। शिविर में पहुंचे सत्यनारायण के दस्तावेजों का संबंधित विभागों द्वारा तत्काल सत्यापन कर उनकी पात्रता सुनिश्चित की गई तथा मौके पर ही उनकी मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी गई। वर्षों से कार्यालयों के चक्कर लगाने की चिंता एक ही दिन में समाप्त होने पर उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार राशमी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत हरनाथपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम गुजररिया निवासी बंसीलाल एवं सोहनलाल अपने नाम की दोहरी राजस्व प्रविष्टि को एक करवाने के लिए पहुंचे। आवेदन प्रस्तुत होते ही उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भू-अभिलेख निरीक्षक और संबंधित पटवारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच पूर्ण होने पर मौके पर ही शुद्धि के आदेश जारी कर दिए गए। वर्षों पुरानी राजस्व समस्या का समाधान होने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार अब उनके गांव तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, राजस्व प्रकरणों का निस्तारण तथा अन्य विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।



