जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जन्म जयन्ती समारोह के उपलक्ष्य में 1 जुलाई से आरंभ हुए “प्रेरणा पखवाड़ा” के अंतर्गत राजस्थान विश्वविद्यालय के कन्वोकेशन सेंटर परिसर में किये वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में वी. श्रीनिवास ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा राष्ट्र निर्माण में दिए गये योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके “एक राष्ट्र- एक विधान” सिद्धांत तथा इस हेतु किये गये संघर्ष से अवगत कराया। मुख्य सचिव द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को वृक्षारोपण तथा वृक्षों के संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। शान्ति एवं अहिंसा निदेशालय के निदेशक अजय असवाल ने बताया कि 1 जुलाई के वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य सचिव महोदय की सिंगल कमांड पर लगभग 350 पौधे एक साथ लगाये गये। पूरे पखवाड़े चलने वाले विभागीय आयोजनों में आधुनिक भारत के शिल्पी, दूरदर्शी राष्ट्रवादी, शिक्षाविद, भारत की औद्योगिक और संस्थागत नींव को आकार देने वाले तथा एकीकृत भारत के पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विरासत को वर्तमान पीढ़ी तक पहुँचाया जायेगा। उपस्थित अधिकारीगण, विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, वन विभाग के कार्मिको एवं लगभग 300 विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटस् तथा राष्ट्रीय सेवा योजना से जुडे युवाओं द्वारा परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे, जिसमे पलाश, कचनार, कपोक, सेमल, गुलनार, पारस पीपल, अंजीर, अमलतास, पीला गुलमोहर तथा शीशम आदि लगाये गए। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा डॉ. मुखर्जी के आदर्शों से आम भारतीय को अवगत करवाने हेतु 2 वर्षीय स्मरणोत्सव के अंतर्गत किये जा रहे हैं। इस कड़ी में 1 जुलाई को कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के गायन के साथ किया गया । इस अवसर पर उपस्थित डॉ आरुषी अजेय मलिक, शासन सचिव, शान्ति एवं अहिंसा विभाग तथा अल्पना कटेजा, कुलगुरु, राजस्थान विश्वविद्यालय ने भी अपने विचार रखे । कार्यक्रम में राम करण खैरवा, मुख्य वन संरक्षक जयपुर, केतन कुमार, डीएफओ जयपुर, विनोद कुमार जांगिड, शासन उप सचिव, तथा मधु रघुवंशी, उप निदेशक भी उपस्थित रहे ।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 125वां जन्म जयन्ती समारोह—मुख्य सचिव ने की “प्रेरणा पखवाड़ा” के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरूआत
ram


