“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा संरक्षण का लें संकल्प: मदन राठौड़

ram

जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय, जयपुर के बाहर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, छगन माहुर, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मीडिया ​प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और शुद्धिकरण के प्रति जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है और इसी उद्देश्य से भाजपा द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ मातृत्व के सम्मान का भी प्रतीक है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में भाजपा के प्रत्येक जिला एवं मंडल स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी समाज के बीच जाकर अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लगाए गए पौधों का सर्वाइवल रेट शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी और देखभाल की व्यवस्था भी की जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान यदि कहीं वृक्षों की कटाई की आवश्यकता होती है तो सरकार द्वारा उसके बदले 20 गुना अधिक पौधे लगाने की अनिवार्य शर्त लागू की जाती है। सड़क चौड़ीकरण, औद्योगिक विकास अथवा अन्य परियोजनाओं में वृक्ष कटान की अनुमति संबंधित विभाग द्वारा विधिवत प्रक्रिया के तहत दी जाती है, लेकिन इसके साथ बड़े स्तर पर पौधारोपण का प्रावधान भी सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष काटने के बदले 20 वृक्ष लगाने का प्रावधान है तथा संबंधित एजेंसियों को पौधारोपण कर उसका प्रमाण भी प्रस्तुत करना पड़ता है। राठौड़ ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाएं और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनके संरक्षण का संकल्प लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *