-सक्षम संस्था जयपुर और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन का आयोजन
जयपुर। अंधत्व निवारण और समाज सेवा के संकल्प को चरितार्थ करते हुए, रविवार को जयपुर के बनीपार्क स्थित एस.एस.जी. पारीक पी.जी. महाविद्यालय में विशाल निःशुल्क नेत्र जाँच महाशिविर का सफल आयोजन किया गया। सक्षम संस्था जयपुर और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में राजधानीवासियों ने भारी उत्साह दिखाया। प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक चले इस महाशिविर में 25 वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों, 50 ऑप्टोमेट्रिस्ट और लगभग 250 समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपनी निरंतर सेवाएँ दीं। इस महाशिवर में कुल 3618 मरीजों का पंजीयन हुआ। जिनमें से 3265 मरीजों को निशुल्क दवाई वितरण किया गया। इस दौरान 1682 लाभार्थियों को निशुल्क चश्मों का वितरण किया गया, साथ ही आंखों के ऑपरेशन के लिए 360 मरीजों को रेफर किया गया। जिनके ऑपरेशन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी।
इस मौके पर उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ उपस्थित रहे। तो कार्यक्रम की अध्यक्षता महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन और उद्योगपति भगवती बल्दवा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में सक्षम संस्था के राष्ट्रीय सह-सचिव अभय परगाल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल उपस्थित रहे।
इस मौके पर बोलते हुए मुख्य अतिथि एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना ही सच्ची नारायण सेवा है। सक्षम संस्था और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन ने जो भगीरथ प्रयास किया है, वह वंदनीय है। उन्होंने कहा कि सक्षम केवल एक संस्था नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों के उत्थान का एक राष्ट्रीय आंदोलन है। रामदेवरा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की सेवार्थ सक्षम द्वारा जो विशानेत्रमहाकुंभ लगाया गया, वो पूरे देश के लिए सेवा का एक अनुपम उदाहरण हैं। इसके अतिरिक्त देश के कोने-कोने में सक्षम के प्रकल्प चल रहे हैं। जो प्रशंसनीय है।
इस मौके पर महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन और दानदाता भगवती बल्दवा ने कहा कि आँखें ईश्वर का दिया हुआ सबसे अनमोल उपहार हैं। जब हम किसी के जीवन में फिर से रोशनी लाने का माध्यम बनते हैं, तो उससे बड़ा कोई संतोष नहीं होता। महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन अपने इसी सामाजिक दायित्व को निभाते हुए सक्षम संस्था के साथ यह महाशिविर आयोजित कर रहा है। अंधत्व निवारण एवं रोकथाम के इस पुनीत कार्य में सम्मिलित होना अत्यंत सौभाग्य की बात है। हमारा संकल्प है कि इलाज के अभाव में कोई भी व्यक्ति दृष्टिहीनता का शिकार न हो।
इस मौके पर मंच पर उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों और वक्ताओं ने एक स्वर में समाज से सेवा कार्यों में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सक्षम संस्था और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन जैसे संगठन तभी अपने लक्ष्य में पूर्णतः सफल हो सकते हैं, जब समाज का हर वर्ग उनके साथ खड़ा हो। इस अवसर पर प्रसिद्ध उद्योगपति महेश बल्दवा, हवामहल क्षेत्र के भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और मरीजों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में संयोजक डॉ. अशोक सिंह सोलंकी, सक्षम संस्था के प्रदेश सचिव डॉ. कुलदीप मिश्रा, डॉ. महावीर सैनी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ना केवल भाग लिया बल्कि इसे सफल बनाने में अतुलनीय योगदान दिया।



