भारत और पाकिस्तान भिड़ेंगे गोल्ड मेडल के लिए? एशियन गेम्स में बन रहा है सिनेरियो

ram

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट कंप्टीशन में भारत और पाकिस्तान की टक्कर सेमीफाइनल तक नहीं होगी, यह पहले से तय था। अब वह घड़ी भी करीब आ गई है कि दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं, लेकिन अलग-अलग सेमीफाइनल में उतरेंगी। हालांकि, भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच आगे मुकाबला होने की पूरी उम्मीद है। संभावना इस बात की है कि गोल्ड मेडल मैच में दोनों टीमें आमने-सामने हो सकती हैं। इसके अलावा ये संयोग भी है कि ब्रॉन्ज मेडल मैच में दोनों आपस में भिड़ें, लेकिन इसकी संभावनाबहुत कम है।

दरअसल, पाकिस्तान को अपना सेमीफाइनल बांग्लादेश से खेलना है, जबकि भारत की टीम श्रीलंका से अपने सेमीफाइनल में भिड़ेगी। जो टीमें सेमीफाइनल जीतेंगी, उन्हें फाइनल का टिकट मिलेगा, जो कि गोल्ड मेडल मैच होगा। जीतने वाली टीम गोल्ड जीतेगी और हारने वाली टीम सिल्वर मेडल से संतोष करेगी। वहीं, सेमीफाइनल हारने वाली टीमें ब्रॉन्ज मेडल के लिए लड़ाई लडेंगी। वैसे तो क्रिकेट में कुछ भी निश्चित नहीं होता, लेकिन बारिश की वजह से बिना सेमीफाइनल का नतीजा निकले भी भारत और पाकिस्तान की टक्कर हो सकती है।

क्या है इंडिया वर्सेस पाकिस्तान फाइनल का सिनेरियो?
आपको जानकर हैरानी होगी कि एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट कंप्टीशन के चारों क्वार्टर फाइनल बारिश में धुले हैं। इसी वजह से भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सेमीफाइनल्स का टिकट मिला है। संभावना यह भी है कि 1 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दोनों सेमीफाइनल्स पर बारिश पानी फेर दे। जिस तरह क्वार्टर फाइनल्स से रैंकिंग के आधार पर टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। उसी तरह सेमीफाइनल्स से फाइनल में टीमें जा सकती हैं। अगर दोनों सेमीफाइनल मैचों में बारिश आई और रैंकिंग वाला नियम लागू हुआ तो फिर भारत और पाकिस्तान की टीमों को फाइनल का टिकट मिल जाएगा, क्योंकि इंडिया वर्सेस श्रीलंका मैच में भारत की रैंकिंग अच्छी है और पाकिस्तान वर्सेस बांग्लादेश मैच में पाकिस्तान की रैंकिंग अच्छी है। इस तरह श्रीलंका और बांग्लादेश को फिर कांस्य पदक मैच में लड़ना होगा।

तो भारत और पाकिस्तान भिड़ेंगे ही नहीं…
अगर भारत और पाकिस्तान में किसी एक टीम का मैच बारिश में धुला और उसे फाइनल का टिकट मिल गया और एक टीम का मैच हुआ और उसे हार मिली तो फिर दोनों की लड़ाई इस टूर्नामेंट में होगी ही नहीं, जबकि कांस्य पदक के लिए दोनों की लड़ाई तब संभव है, जब दोनों टीमें अपने-अपने मुकाबले हार जाएं। इसके बाद ही ब्रॉन्ज मेडल मैच में भारत और पाकिस्तान की टक्कर होगी। मौजूदा हालातों को देखकर ऐसा लगता है कि सेमीफाइनल भी बारिश में धुल जाएंगे और भारत और पाकिस्तान बिना क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल जीते फाइनल में पहुंच जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *