नशा मुक्त एवं टीबी मुक्त अलवर सहित शिक्षा व्यवस्था में उत्तरोत्तर सुधार के लिए उठाएं आवश्यक कदम- राज्यपाल श्री बागडे

ram

जयपुर/अलवर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को मिनी सचिवालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत अभियान, शिक्षा व्यवस्था सहित महत्वपूर्ण योजनाओं व कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। बैठक में राज्यपाल श्री बागडे ने नशामुक्त अभियान की समीक्षा के दौरान अवैध शराब की बिक्री सहित नशीले मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि समन्वित प्रयास कर विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को नशा मुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता संवाद गतिविधियां संचालित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करावें। उन्होंने जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग करने के साथ जन जागरूकता गतिविधियां को बढ़ाने के निर्देश दिए। राज्‍यपाल श्री बागडे ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सघन स्क्रीनिंग, नियमित उपचार तथा पात्र मरीजों को निक्षय पोषण सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होनें निर्देशित किया कि टीबी के जल्द उपचार के लिए मरीजों को आइसोलेशन में रखने की व्यवस्था करें एवं नियमित काउंसलिंग प्रदान करें। उन्होनें टीबी मुक्त अभियान को और अधिक प्रभावी रूप से संचालित कर आमजन को ज़मीनी स्तर पर लाभ पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अलवर जिले को टीबी मुक्त जिला बनाने के संदर्भ में किये जा रहे प्रयासों पर संतोष जाहिर किया। ज्यपाल श्री बागडे ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए विद्यार्थियों की प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता, लर्निंग क्षमता सुधार, बौद्धिक क्षमतावर्धन एवं व्यक्तित्व विकास पर बल दिया। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों को बेहतर करने के लिए शिक्षकों एवं अभिभावकों के समन्वित प्रयासों और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जिससे कि जिले के विद्यार्थी भी नीट-यू जी, जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *