विक्रम-वेताल ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, ‘फर्क तो पड़ता है भई’ नाटक की 98वीं प्रस्तुति

ram

जयपुर। सड़क सुरक्षा एवं परिवहन विभाग, राजस्थान सरकार तथा प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जयपुर द्वितीय के सहयोग से रस रंग मंच संस्था के कलाकारों ने सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शास्त्री नगर स्थित कांवटिया सर्किल पर यातायात नियमों पर आधारित लघु नाटक ‘फर्क तो पड़ता है भई’ का प्रभावशाली मंचन किया। नाटक में विक्रम-वेताल की प्रसिद्ध कथा के माध्यम से शांतपुर और अशांतपुर नगरों के अंतर को दर्शाते हुए यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल व्यक्ति सुरक्षित रहता है, बल्कि एक स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार समाज का भी निर्माण होता है। नाटक ने आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए उनका पालन करने की प्रेरणा दी। प्रस्तुति में कलाकार रति महर्षि, के.के. कोहली, अजीत माथुर, मुकेश वर्मा, महेश महावर एवं हिमांशु झाकल ने अभिनय किया। नाटक का लेखन एवं निर्देशन हिमांशु झाकल ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ परिवहन निरीक्षक दिनेश सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोगों को मन से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों के जीवन की रक्षा करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए मंचित किए जा रहे इस लोकप्रिय नाटक ‘फर्क तो पड़ता है भई’ की यह 98वीं प्रस्तुति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *