नगर निकाय आम चुनाव-2026 : जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नामांकन स्थलों का किया निरीक्षण

ram

जोधपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने शनिवार को नगर निकाय आम चुनाव-2026 के संबंध में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों (नामांकन स्थलों) का निरीक्षण कर नामांकन प्रक्रिया के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की सुविधा, आवश्यक दस्तावेजों, हेल्प डेस्क एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क एवं चेकलिस्ट की व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को अभ्यर्थियों के लिए अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से नामांकन स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से दलगत एवं निर्दलीय अभ्यर्थियों को नाम निर्देशन पत्र भरने तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने से पूर्व दस्तावेजों की आवश्यकताओं की जांच के लिए चेकलिस्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि सामान्य त्रुटियों एवं दस्तावेज संबंधी कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग सहजता से उपलब्ध हो तथा नामांकन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना के साथ निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगर निकाय आम चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना जिला निर्वाचन कार्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता की पालना की निरंतर निगरानी के लिए जिला स्तर पर विशेष सेल गठित किया गया है, जो क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों से आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग का आह्वान किया।

नगर निगम के सभी 100 वार्डों के लिए वार्डवार नामांकन स्थलों की व्यवस्था
श्री रंजन ने बताया कि नगर निगम जोधपुर के सभी 100 वार्डों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में वार्डवार पृथक-पृथक नामांकन स्थल निर्धारित किए गए हैं। संबंधित वार्डों के अभ्यर्थी निर्धारित सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नियमानुसार अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सभी नामांकन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों की सुविधा एवं प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले अभ्यर्थियों के लिए भू-तल पर वैकल्पिक व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वार्ड संख्या 1 से 10, 11 से 20, 41 से 50 एवं 81 से 90 के लिए नियुक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालय प्रथम तल पर स्थित हैं। भू-तल से ऊपर जाने में असमर्थ दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले अभ्यर्थियों की सुगम पहुंच को ध्यान में रखते हुए भू-तल पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। ऐसे अभ्यर्थी नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा तथा अभ्यर्थिता वापस लेने से संबंधित कार्यों के लिए कार्यालय रिटर्निंग अधिकारी, नगर निगम जोधपुर (अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट द्वितीय, जोधपुर) में उपस्थित होकर संबंधित कार्य संपादित कर सकेंगे।

31 अगस्त को अपराह्न 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे नाम निर्देशन पत्र
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार रविवार, 30 अगस्त, 2026 को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र नहीं लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार, 31 अगस्त नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि है तथा इस दिन अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए यथासंभव समय रहते नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय तक नामांकन स्थल परिसर में प्रवेश करने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात नाम निर्देशन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

1 सितंबर को संवीक्षा, 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने का अवसर
श्री रंजन ने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा मंगलवार, 1 सितंबर, 2026 को की जाएगी। अभ्यर्थी गुरुवार, 3 सितंबर, 2026 को अपराह्न 3 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। अभ्यर्थिता वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के पश्चात शुक्रवार, 4 सितंबर, 2026 को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभ्यर्थियों एवं संबंधित पक्षों से निर्वाचन कार्यक्रम में निर्धारित तिथियों एवं समय-सीमा का विशेष रूप से ध्यान रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने में जिला निर्वाचन तंत्र का सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *