जैसलमेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने शनिवार को नगर परिषद जैसलमेर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, छाया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की तथा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक शिवहरे ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का मौके पर निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचन एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
ram


