नगरीय निकाय 2026 : लोक सूचना 27 अगस्त को जारी होगी

ram

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित यादव ने नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर जिले के रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की लोक सूचना 27 अगस्त 2026 को जारी होगी तथा संबंधित नगरीय निकायों के निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचन का लोक नोटिस वार्ड सदस्यों के चुनाव हेतु प्रारूप 2 में प्रकाशित किया जायेगा। राजस्थान नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 11 के अनुसरण में प्रारूप 2 में लोक नोटिस जारी करने के पूर्व ही संबंधित आरओ द्वारा सभी प्राथमिक और प्रारम्भिक कार्यवाही कर ली जाये तथा प्रारूप 2 में लोक नोटिस में नगरीय निकायों के नाम, वार्ड संख्या और प्रत्येक वार्ड के वर्गीकरण के सावधानीपूर्वक उल्लेख के साथ-साथ विभिन्न अवस्थाओं के लिये नियत तारीख एवं समय की पूर्ति सतर्कतापूर्वक की जाये। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित किये गये चुनाव कार्यक्रम एवं वार्डों के आरक्षण की स्थिति पर सावधानीपूर्वक ध्यान देते हुए उक्त प्रारूपों की पूर्ति की जाये। लोक नोटिस का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही लोक नोटिस की प्रति जारी करने के तुरन्त बाद इस कार्यालय को भिजवाया जाना सुनिश्चित करेंगे। नगरीय निकाय के सूचना पट्टों पर भी चस्पा की जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *