केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर जिले में ‘करियर काउंसलिंग वैन’ का किया शुभारंभ, निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से होगा संचालन

ram

जयपुर। केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार को निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से संचालित होने वाले करियर काउंसलिंग वैन का शुभारंभ किया। बीकानेर जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेघवाल ने कहा कि रोजगार के इच्छुक युवाओं को सही करियर चुनने का मार्गदर्शन प्रदान करना अच्छी पहल है। यह युवाओं के लिए लाभदायक रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत बेहतर पहल की गई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आवश्यकताओं के साथ बीकानेर में सोलर, सेरेमिक, पोटाश, इको और नाइट टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं के मद्देनजर मार्गदर्शन किया जाए, इसके और अधिक बेहतर परिणाम सामने आएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीकाजी के सहयोग से संचालित होने वाली यह वैन शिवरतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) को समर्पित की गई है। यह उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। मेघवाल ने कहा कि फन्ना बाबू ने देश और दुनिया में बीकानेर को नई पहचान दिलाई। उन्हें समर्पित वेन युवाओं को आगे बढ़ने की राह दिखाएगी। उन्होंने बताया कि भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा भी गत दिन करियर काउंसलिंग का कार्यक्रम किया गया। समय-समय पर ऐसे प्रयासों की आवश्यकता है। मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में जल्दी ही बड़े स्तर का रोजगार मेला लगाया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। मेघवाल ने आज के दौर मै ई-लाइब्रेरी और ई-कंटेंट की प्रासंगिकता के बारे में बताया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने गंगनहर के सौ वर्ष पूर्ण होने पर प्रस्तावित कार्यक्रमों के बारे में बताया। बीकाजी के एमडी दीपक अग्रवाल ने कहा कि बीकाजी द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य किया जा रहे हैं। निर्विकल्प फाउंडेशन के साथ शुरू किया गया यह कार्य बच्चों को आज के समय के हिसाब से आगे बढ़ने का मार्गदर्शन प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी प्रकार के संसाधन की कमी नहीं आने दी जाएगी। निर्विकल्प फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर तथा अभियान संयोजक डॉ. चंद्रशेखर माली ने बताया कि वेन के माध्यम से जिले के 36 सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों को करियर की राह दिखाई जाएगी। उन्होंने आवश्यक सहयोग के लिए बीकाजी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर मनन माली, प्रोजेक्ट काउंसलर लोचन पारीक, मीडिया कॉर्डिनेटर केशव आचार्य होंगे। इस दौरान उन्होंने करियर सेतु एप और फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे अन्य कार्यों के बारे में बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *