दो बूंद हर बार पोलियो पर जीत रहे बरकरार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव का एक मात्र प्रभावी उपाय समय पर दवा की खुराक है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बच्चे के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम बूथ पर ले जाकर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को प्रथम दिन बूथ पर तथा अगले 2 दिन तक घर-घर जाकर टीमों के द्वारा खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा वंचित नहीं रहे। उन्होंने बच्चों को दवा की खुराक पिलाकर चॉकलेट दी। साथ ही, अभियान के पोस्टर ‘दो बूंद हर बार पोलियो पर जीत रहे बरकरार’ का विमोचन भी किया।
प्रदेशभर में 59 हजार 217 पोलियो बूथ
उल्लेखनीय है कि रविवार (28 जून) से अगले तीन दिन (30 जून) तक राज्य में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत लगभग 1.04 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए प्रदेशभर में 59 हजार 217 बूथ बनाए गए हैं। वहीं, कुल 75 हजार 232 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें से 7 हजार 11 ट्रांजिट और 9 हजार 4 मोबाइल टीमें हैं। उल्लेखनीय है कि गत 15 वर्षों में पोलियो का कोई भी नया केस भारत में नहीं पाया गया है। भारत को 27 मार्च 2014 को पल्स पोलियो मुक्त प्रमाण-पत्र मिल चुका है। इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग गायत्री राठौड़ सहित अन्य उच्चाधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *