प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में जन सहभागिता की ताकत को बताया भारत की बड़ी पूंजी – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

ram

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के ‘135वें संस्करण’ में देशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिविल सेवा परीक्षा एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा-2025 में चयनित राजस्थान के अभ्यर्थियों के साथ मुख्यमंत्री निवास पर इस कार्यक्रम को सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में रक्षा के क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, वैश्विक परिस्थितियों के बीच संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए कार पूलिंग एवं प्राकृतिक खेती को मिल रहे बढ़ावे, महाराष्ट्र के एक परिवार की विवाह अवसर पर हजारों लोगों के लिए दुर्घटना बीमा कराने की प्रेरक पहल, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को मिले सुरक्षा कवच, असम में ‘हरगिला’ पक्षी संरक्षण के लिए महिलाओं द्वारा संचालित अभियान, नागालैंड में बच्चों और बेटियों के लिए फुटबॉल एवं फुटसल लीग, नालंदा विश्वविद्यालय में शास्त्रार्थ की परंपरा को पुनर्जीवित करने तथा सेंट्रल संस्कृत विश्वविद्यालय की कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा साइंस पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की पहल, मेघालय के जीवित रूट ब्रिजों को यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयासों और मध्यप्रदेश में महिलाओं द्वारा प्लास्टिक कचरे से ईको-ब्रिक्स बनाकर पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा आगामी गणेश उत्सव में स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी की मूर्तियों को अपनाते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन से आमजन को देश में हो रहे सामाजिक सरोकारों से जुड़े नवाचारों की जानकारी एवं उसे अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी की ताकत को भारत की बड़ी पूंजी बताया है। इस अवसर पर ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं कार्मिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *