जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने बुधवार को अलवर जिले में महाराणा प्रताप की 486 वीं जयंती के पावन अवसर पर महाराणा प्रताप स्मृति शोध संस्थान, शिवाजी पार्क, अलवर के तत्वावधान में शिवाजी पार्क स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित जनसमूह ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग, पराक्रम और राष्ट्रप्रेम आज भी प्रत्येक भारतीय को प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और आत्मसम्मान बनाए रखने की सीख देता है। हल्दीघाटी के युद्ध से लेकर जीवन के प्रत्येक संघर्ष में उन्होंने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। आज के युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

युवा महाराणा प्रताप आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए – श्री संजय शर्मा
ram


