जयपुर. एक मंदिर में चौकीदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना बनीपार्क थाना इलाके के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर की है।
वार्ड 37 के पार्षद रवि प्रकाश सैनी ने बताया कि सुनील सिंह ठाकुर (40) निवासी उत्तर प्रदेश लंबे समय से बनी पार्क एरिया में चौकीदारी का काम करता था।
रात को करीब 8.30 बजे वह श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बैठा था। इस दौरान अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। सुनील सिंह लहूलुहान हालत में रोड तक आया और लोगों को बताया कि किसी ने उस पर चाकू से हमला दिया है। उसे अस्पताल लेकर चलो। इसके बाद वह बेहोश हो गया।
पार्षद ने बताया- लोगों ने सुनील को सैटेलाइट अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुनील ने सोमवार सुबह 7.30 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
चौकीदार की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने अज्ञात हमलावरों को पकड़ने की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।