अलवर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों और राजनीतिक अहंकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष आदरणीय मल्लिकार्जुन खरगे तथा देशभर के दलितों और आदिवासियों के खिलाफ भाजपा की जातिगत छुआछूत और दमनकारी मानसिकता को सार्वजनिक रूप से उजागर कर दिया है। जूली ने स्पष्ट किया कि राजस्थान की 36 कौम की जनता अब भाजपा के घमंड को पूरी तरह तोड़ने का मन बना चुकी है और आगामी निकाय चुनावों में करारा झटका देकर प्रदेश की राजनीति का पूर्ण ‘शुद्धीकरण’ करेगी। निकाय चुनाव के विषय पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर तरफ केवल ‘गड्डाराज’ , गन्दगी से अटे हुए रास्ते, स्मार्ट सिटी के नाम पर जुमले और आवारा पशुओं की विकराल समस्या का बोलबाला है, जिसने आम नागरिकों का जीना दूभर कर दिया है। सड़कों की बदहाली से लेकर बुनियादी सुविधाओं की तबाही तक, भाजपा सरकार के विकास के तमाम दावे पूरी तरह खोखले और फेल साबित हुए हैं। इसके साथ ही आसमान छूती महंगाई ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल की बेलगाम कीमतें और रसोई गैस सिलेंडर के दाम आम परिवारों के बजट को तबाह कर चुके हैं। इन हालातों में इससे घबराकर भाजपा के भीतर उपेक्षा, असंतोष और भगदड़ का माहौल बन चुका है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस कुशासन, उपेक्षा और अहंकार से पीड़ित 36 कौम का हर नागरिक अब निकाय चुनावों में मतदान केंद्र पर पहुँचकर सबसे पहले पेट्रोल-डीजल के मीटर, रसोई गैस सिलेंडर, चीनी के डब्बे को प्रणाम करेगा और फिर भाजपा के घमंड को चूर करने के लिए कांग्रेस के पक्ष में निर्णायक मतदान करेगा।
निकाय चुनाव में करारा झटका देकर भाजपा का घमंड छिन्न-भिन्न करेगी राजस्थान की 36 कौम की जनता : नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
ram


