झालावाड़। अशोक चक्र से सम्मानित शहीद नायक निर्भय सिंह सिसोदिया की 42वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को निर्भय सिंह सर्किल परिसर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान 6 जून 1984 को राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक को प्रशासन, सेना, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन ने श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, नागा रेजीमेंट के अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सेना के प्रोटोकॉल के तहत शहीद नायक निर्भय सिंह सिसोदिया को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। नागा रेजीमेंट के बैंड की रीथ प्ले धुनों के बीच वातावरण देशभक्ति एवं सम्मान की भावना से ओतप्रोत हो उठा।
“देश की रक्षा नौकरी नहीं, राष्ट्र के प्रति लिया गया प्रण है” – जिला कलक्टर
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि वीर जवान जिस समर्पण और साहस के साथ राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं, वह केवल एक नौकरी नहीं बल्कि मातृभूमि के प्रति लिया गया एक संकल्प और प्रण है। उन्होंने कहा कि भारत की पवित्र मिट्टी शहीदों के बलिदान और रक्त से सिंचित है, इसलिए यह देश सदैव अखंड और अडिग बना हुआ है।
जिला कलक्टर ने झालावाड़ को वीर प्रसूता भूमि बताते हुए अशोक चक्र विजेता नायक निर्भय सिंह सिसोदिया के परिवार को गौरवशाली बताते हुए उन्हें जिले की अमूल्य धरोहर कहा।
शहीदों के परिजनों का त्याग भी राष्ट्र सेवा का अद्वितीय उदाहरण – पुलिस अधीक्षक
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने अपने संबोधन में शहीदों के शौर्य, पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों के साथ-साथ उनके परिवारों का त्याग भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जो अपने बेटों को भारत माता की सेवा के लिए समर्पित कर देते हैं। उन्होंने अपने परिवार से जुड़ी सैन्य सेवा की भावुक स्मृतियां साझा करते हुए शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
नागा रेजीमेंट ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
कार्यक्रम में नागा रेजीमेंट द्वारा कर्नल रोहित डोभाल के नेतृत्व में शहीद नायक निर्भय सिंह सिसोदिया को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कोटा कमांडर बी.सी.एस. शेखावत, डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर पंकज कौशिक एवं मेजर जनरल संजय खंडपाल द्वारा भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि
भारत विकास परिषद एवं विमेंस विंग्स फाउंडेशन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्मारक समिति के सचिव ओम पाठक एवं भारत विकास परिषद के सचिव दीपक सिंह रौतेला ने सभा को संबोधित करते हुए शहीद के आदर्शों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान नायक निर्भय सिंह सिसोदिया का जीवन परिचय पूनम रौतेला द्वारा प्रस्तुत किया गया। वहीं शहीदों को समर्पित विशेष स्वरांजलि नादंत्रा म्यूजिकल बैंड द्वारा दी गई। ओमेंद्र सेन, मिन्हाज अली एवं उनके समूह तथा बालक दिव्यांश द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
परिवारजनों के नेतृत्व में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन शहीद नायक निर्भय सिंह सिसोदिया के परिवारजनों द्वारा उनके भाई कल्याण सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में चिराग सिंह सिसोदिया एवं हिमांशु सिंह सिसोदिया की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन पूनम रौतेला ने किया।
इस अवसर पर वीर वधू अंजना मीना, शीला देवी, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उपस्थित होकर राष्ट्र के अमर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।



