अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी कार्यवाही करें : डॉ. सौम्या झा

ram

टोंक। जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शुक्रवार को जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के अभियान को लेकर विशेष निरीक्षण दल (एसआईटी) की बैठक ली। बैठक में खनिज, राजस्व, पुलिस, परिवहन और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि एसआईटी सड़क मार्गों पर बनाएं गए नाकों की नियमित जांच करें और अवैध गतिविधियों के स्त्रोत व स्थान को चिन्हित करें। अवैध खनन गतिविधियों वाले क्षेत्रों में मशीनरी की जब्ती सहित कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएं। उन्होंने सहायक खनिज अभियंता सोहन लाल सुथार को डिग्गी एवं गुंसी में स्थापित किए गए नाकांे से गुजर रहे डंपर एवं ट्रैक्टर ट्रॉली के वाहनों की सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए। डीटीओ संपतराम वर्मा को कहा कि बिना नंबर वाली ट्रैक्टर ट्रॉली, ओवरलोड एवं अवैध खनन में लिप्त वाहनों को जप्त कर भारी पेनल्टी वसूले। जिला कलेक्टर ने वन विभाग के सहायक वन संरक्षक अनुराग महर्षि को वन क्षेत्र निवाई व उनियारा में गश्त बढ़ाने के लिए निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा अवैध खनन पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन में लिप्त लोगों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिले में स्थापित किये गए चेक पोस्ट की समय-समय पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौकरिया भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *