द्वितीय करियर काउंसलिंग सेमिनार में विद्यार्थियों को करियर विकल्पों एवं भविष्य की संभावनाओं पर मिला मार्गदर्शन

ram

जोधपुर। जिला प्रशासन जोधपुर के तत्वावधान में विद्यार्थियों एवं युवाओं को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान करने, उनके लिए उपलब्ध अवसरों से परिचित कराने तथा भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित करियर काउंसलिंग सेमिनार श्रृंखला के तहत शनिवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर में द्वितीय करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य जिले के विद्यार्थियों को पारंपरिक एवं उभरते हुए करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा। जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री आशीष कुमार मिश्रा की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप अपनी रुचि, क्षमता एवं अभिरुचि के अनुसार करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।

255 विद्यालयों के करीब 37 हजार विद्यार्थियों ने किया सहभागिता
शनिवार को आयोजित नो बैग डे के अवसर पर जिला स्तरीय करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम से जिले के करीब 255 विद्यालय जुड़े। तकनीक के प्रभावी उपयोग के माध्यम से टीचमिंट एप एवं यूट्यूब के जरिए सेमिनार का सजीव प्रसारण किया गया। इसके माध्यम से कक्षा 9 से 12 तक के करीब 37 हजार विद्यार्थियों ने अपने-अपने विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड एवं टेलीविजन स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त किया। सीईओ जिला परिषद श्री आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि इस डिजिटल पहल से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने एवं विभिन्न करियर विकल्पों के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने भविष्य की योजना तैयार करने, उपलब्ध अवसरों का समुचित मूल्यांकन करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध एवं निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।

तकनीकी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर प्रो. गौरव हरित ने किया मार्गदर्शन
सेमिनार में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर गौरव हरित ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कंप्यूटर एप्लीकेशन एवं डिजिटल तकनीक के विभिन्न आयामों की जानकारी दी। उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों तथा भविष्य में उभरने वाले अवसरों से विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।

वित्तीय क्षेत्र में करियर एवं वित्तीय साक्षरता की दी जानकारी
सेमिनार में एफसीएस एवं सेबी स्मार्ट ट्रेनर तथा वित्तीय साक्षरता एवं निवेशक जागरूकता विशेषज्ञ श्री मुकेश बंसल ने विद्यार्थियों को कंपनी सेक्रेटरी (CS) एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता के महत्व से अवगत कराते हुए वित्तीय क्षेत्र में शिक्षा एवं कौशल के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न संभावनाओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया। विशेषज्ञों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर विकल्पों को समझने में सहायता मिली। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में भविष्य को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा बिना अनावश्यक मानसिक दबाव के अपने लक्ष्यों की ओर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

विभिन्न अधिकारियों एवं तकनीकी टीम का रहा सहयोग
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन में सीडीपीओ जोधपुर शहर श्री रावत कड़वासरा, सीडीपीओ धवा श्री भागीरथ चौधरी, जिला रोजगार अधिकारी श्री आनंद सुथार, प्रधानाचार्य किसान कन्या बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमती कंचन चारण, व्याख्याता श्री अनिल भाटी तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की तकनीकी टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री भरत वैष्णव ने किया।
.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *