कार्यशाला में विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्त जीवन का संकल्प

ram

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव व जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व में नशा मुक्त गंगानगर अभियान के तहत 3 एच छोटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता वर्कशॉप एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से विक्रम ज्याणी ने कहा कि यह धरती केवल मिट्टी नहीं, बल्कि शहीदों के त्याग, बलिदान और स्वाभिमान की पहचान है। हमारी विरासत, शहीदों की विरासत है। इसी पावन भूमि ने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों की सोच को जन्म दिया। उन्होंने अपना सर्वस्व इसलिए न्यौछावर नहीं किया था कि आने वाली पीढ़ियां नशे की गिरफ्त में अपना भविष्य बर्बाद कर दें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज कुछ लोग क्षणिक सुख और नशे की लत के लिए अपने परिवार, अपने समाज और अपने देश के सपनों को कुचल रहे हैं। नशा केवल शरीर को नहीं, बल्कि रिश्तों, संस्कारों, परिवारों और राष्ट्र की नींव को भी खोखला कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज को भी नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करें।
विद्यालय प्राचार्य कर्मजीत कौर ने कहा कि विद्यालय परिवार इस जन आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्कूल में समय-समय पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा ताकि प्रत्येक विद्यार्थी नशे के दुष्प्रभावों को समझे और अपने जीवन में कभी भी किसी प्रकार के नशे को स्थान न दे। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प केवल विद्यार्थियों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कारों और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान सहीराम एवं प्रवीण कुमार ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे। नशे से दूर रहने के लिए दूसरों को भी प्रेरित करेंगे तथा अपने परिवार, विद्यालय और समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विद्यार्थियों और उपस्थिजनों द्वारा नशामुक्त जीवन का सामूहिक संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *