राजस्थान के कई जिलों में आंधी-बारिश का कहर: जयपुर, टोंक और अजमेर में तीन मौते

ram

जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी-बारिश का दौर लगातार जारी है। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में शनिवार देर शाम तेज अंधड़, धूलभरी हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। जयपुर, टोंक और अजमेर में मौसम जनित हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दौसा में आगजनी और मकान ढहने जैसी घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने रविवार को 11 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 4 मई को 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

जयपुर में शनिवार देर शाम करीब डेढ़ घंटे तक तेज तूफानी बारिश हुई। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे कई स्थानों पर पेड़ और बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में अंधड़ के दौरान हाईटेंशन लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई, लेकिन बिजली सप्लाई बंद नहीं होने से बाइक सवार युवक यूनुस इसकी चपेट में आ गया और जिंदा जल गया। प्रत्यक्षदर्शी करंट के डर से उसकी मदद नहीं कर सके।

टोंक जिले के दूनी क्षेत्र में तेज अंधड़ के दौरान पेड़ के नीचे बंधी बकरी को खोलने गए वृद्ध मिश्रीलाल मीणा पर पेड़ की भारी टहनी गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

वहीं अजमेर में खराब मौसम के बीच मकान ढहने से दो महिलाएं मलबे में दब गईं, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी घायल हो गई।

दौसा जिले में भी तूफान ने भारी तबाही मचाई। महवा क्षेत्र के सालिमपुर गांव में तेज आंधी के दौरान एक कच्चे घर में आग लग गई, जिसमें 18 बकरियां जिंदा जल गईं। आग बुझाने के प्रयास में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। सिकंदरा क्षेत्र के बुड़ली गांव में टीनशेड की दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई और कई मवेशी दब गए, जिनमें एक भैंस की मौत हो गई।

प्रदेश के बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, अजमेर और कोटा सहित कई जिलों में भी शनिवार को धूलभरी हवाओं के साथ बारिश हुई। कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़ गए, बिजली आपूर्ति बाधित रही और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट हुई। जयपुर में पिछले पांच दिनों में तापमान करीब 5 डिग्री तक गिर गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

हालांकि पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर जैसे जिलों में शनिवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। जैसलमेर और फलोदी में तापमान 44.4 डिग्री, जबकि बाड़मेर में 44.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक राजस्थान में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। 4 मई को जयपुर, बीकानेर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है। इससे अगले एक सप्ताह तक हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन खराब मौसम के कारण जनहानि और संपत्ति नुकसान की आशंका बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *