प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले राहुल बोले- ‘सरकार झुकती है बस आवाज एक साथ उठनी चाहिए’

ram

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रयागराज में शनिवार को आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार झुकती है बस आवाज एक साथ उठनी चाहिए। शनिवार को प्रयागराज में यही बात करने आ रहा हूं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “प्रयागराज आ रहा हूं। देश के उस शहर में जहां सबसे अधिक नौजवान तैयारी करते हैं। एक बात साफ है, यहां का हर छात्र जानता है कि सिस्टम बेईमान हो चुका है। आपकी मेहनत में कोई कमी नहीं, बल्कि कमी उस सिस्टम की नीयत में है, जो आपकी मेहनत का दाम नहीं देती।” नेता प्रतिपक्ष ने लिखा, “पेपर लीक, रुकी भर्तियां, सालों का इंतजार और जवाबदेही किसी की नहीं। कोटा में छात्र बोले, देहरादून में फिर आवाज उठी और दिल्ली में इन्हीं बच्चों पर लाठियां चलीं, सिर्फ सवाल पूछने के लिए। आखिर में एक मंत्री को जाना पड़ा। यह सरकार झुकती है बस आवाज एक साथ उठनी चाहिए। शनिवार को प्रयागराज में यही बात करने आ रहा हूं। आप भी आइए।” इसके साथ ही, वीडियो राहुल गांधी ने एक संदेश पढ़ा, जिसमें कहा गया, “राहुल सर, आप प्रयागराज आ रहे हो न। हम छात्रों की वास्तव में कोई नहीं सुन रहा।” इस संदेश के साथ कांग्रेस सांसद ने कहा, “मैं छात्रों की (बात) सुन रहा हूं। मैं प्रयागराज में रोजगार और नौकरियों की स्थिति के बारे में चर्चा करने के लिए आ रहा हूं। मैं एक बात को 100 प्रतिशत स्वीकार करता हूं कि आज के हिंदुस्तान में रोजगार या पढ़ाई में हमारे छात्रों का भविष्य नहीं है।” उन्होंने कहा, “इसको हम सभी को मिलकर बदलना है। आपकी एनर्जी और आपकी आवाज के साथ हम मिलकर इस समस्या का समाधान कर सकते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *