विधानसभा अध्यक्ष ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर दी शुभकामनाएँ , श्रमिकों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखें – विधानसभा अध्यक्ष

ram

जयपुर। राजस्‍थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश के समस्त श्रमिकों, कामगारों, कारीगरों एवं मेहनतकश नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी है। स्‍पीकर देवनानी ने कहा कि श्रमिक वर्ग किसी भी राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक प्रगति का प्रमुख आधार होता है। खेत-खलिहानों से लेकर कारखानों, निर्माण स्थलों, उद्योगों एवं सेवा क्षेत्र तक, श्रमिकों का अथक परिश्रम राष्ट्र निर्माण की धुरी है। उनके बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों, उनके सम्मान, सुरक्षित कार्य-परिस्थितियों तथा सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिन हमें श्रमिकों के संघर्ष, उनके योगदान और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के संकल्प की याद दिलाता है। स्‍पीकर देवनानी ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें आर्थिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएँ, आवास, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने श्रमिकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा संबंधित विभागों से यह सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के श्रमिक तक पहुँचे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) अत्यंत आवश्यक है। श्रमिकों को नई तकनीकों और आधुनिक कार्य पद्धतियों के अनुरूप प्रशिक्षित करना आवश्यक है, ताकि वे बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें और उनकी आय एवं जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो सके। देवनानी ने समाज के सभी वर्गों से अपील करते हुए कहा कि वे श्रमिकों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखें। श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रमिकों के समर्पण, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ हमारा राज्य और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा तथा एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *