शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं, इसी दिन देश पाकिस्तान से आजाद हुआ

ram

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार अपनी वापसी के लिए तारीख बताई है। वे 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को बताया कि हसीना सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं। 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए लड़ने वाले लोगों का संगठन था।

‘वापसी का इंतजाम करना सरकार की जिम्मेदारी’
हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने यह भी कहा कि 5 अगस्त 2024 को हसीना को जिस बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, अब उसी तरह उनकी वापसी का इंतजाम भी सरकार को करना चाहिए। हसीना को संविधान के खिलाफ देश से बाहर भेजा गया था। ऐसे में अब उन्हें वापस लाना सरकार की जिम्मेदारी है। हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव पहले से बढ़ा हुआ है। उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है। इसी महीने की शुरुआत में उन्होंने नए पासपोर्ट और दूसरे जरूरी दस्तावेजों के लिए भी आवेदन किया था। हालांकि रहमान सरकार ने उनकी मांग मानने से इनकार कर दिया।

सरकार बोली- हसीना आतंकवादी, हथकड़ी पहनाकर ही लाएंगे
बांग्लादेश सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के 16 दिसंबर को देश लौटने के ऐलान को खारिज कर दिया है। सरकार का कहना है कि हसीना की वापसी तभी संभव है, जब उन्हें भारत से प्रत्यर्पित कराकर हथकड़ी में लाया जाए। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने मीडिया से बातचीत में हसीना को भगोड़ा आतंकवादी और दोषी अपराधी बताया। उन्होंने कहा, ‘बांग्लादेश के लोग आतंकवाद के सिर्फ एक रूप को जानते हैं और वह है शेख हसीना के संरक्षण वाला अवामी आतंकवाद।’ उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद हसीना सोते समय सपने देखती हैं कि वे पैदल या विमान से बांग्लादेश लौट रही हैं।

बांग्लादेशी सांसद बोले- भारत ने एक हत्यारन को अपने देश में जगह दी
बांग्लादेश में लगातार हो रही हिंसा और राजनीतिक तनाव के बीच नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के प्रमुख और सांसद नाहिद इस्लाम ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नाहिद ने कहा कि भारत एक ‘हत्यारन’ को अपने यहां जगह दे रहा है और उसकी जमीन का इस्तेमाल बांग्लादेश के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को वहां से राजनीतिक गतिविधियां करने की छूट मिल रही है। नाहिद ने बांग्लादेश के सभी राजनीतिक दलों और लोगों से भारत के दबदबे के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने सरकार से भारत के साथ गंगा जल बंटवारे और शेख हसीना को वापस लाने जैसे मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाने की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *