पीएम मोदी की अपील का असर, भारत में सोने का आयात 40% घटा

ram

नई दिल्ली। पीएम मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील रंग ला रही है। भारत में सोने के आयात में इस साल बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच देश में सोने का आयात सालाना आधार पर करीब 40 प्रतिशत घटकर 24.7 अरब डॉलर रह गया। पिछले साल इसी अवधि में भारत ने 41.24 अरब डॉलर यानी 3.83 लाख करोड़ रुपये का सोना आयात किया था। यानी इस साल आयात बिल में 16.46 अरब डॉलर यानी करीब 1.53 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने इस गिरावट के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीद कम करने की अपील को एक प्रमुख वजह बताया।

72 अरब डॉलर से घटकर 35-40 अरब डॉलर रह सकता है आयात
बृजेश गोयल के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब 72 अरब डॉलर यानी करीब 6.69 लाख करोड रुपये का सोना आयात किया था। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में यह घटकर 35 से 40 अरब डॉलर यानी 3.25 लाख करोड़ से 3.72 लाख करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि सोने की कीमतों में आई गिरावट से भी खरीदारी की लागत कम हुई है। उनके अनुसार, सोने का भाव पहले करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम था, जो 22 नवंबर तक घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम रह गया था। यानी उस समय तक किलो पीछे सोना 65 लाख रुपये सस्ता हुआ था। अगर 10 ग्राम के हिसाब से देखें तो सोना हाई से 65000 रुपये तक सस्ता हो चुका था। हालांकि, सोमवार रात सोने के रेट में गिरावट थम गई और एमसीएक्स पर गाल्ड 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। सीटीआई ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि अगर व्यापारी उस समय पुराने भाव पर सोना खरीदा होता तो उन्हें प्रति किलो 65 लाख रुपये का नुकसान हुआ हो। पीएम मोदी की सलाह ने उन्हें बढ़े घाटे से बचा लिया। बता दें पीएम मोदी ने शनिवार को लखनऊ में कहा, “ मैंने देशवासियों से कहा था कि जबतक जरूरत न हो, सोना नहीं खरीदिए। देश ने मेरी बात मानी और सोना कम खरीदा। गोल्ड के दाम टूट गए। लोग कह रहे हैं कि मोदी जी, आपकी बात मानी और हमारे पैसे बच गए।”

पीएम मोदी ने कब की थी सोना नहीं खरीदने की अपील
पीएम नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को तेलंगाना में विदेशी मुद्रा के बचाने के लिए 7 अपीलें की थीं। उनमें से सोना नहीं खरीदने की भी अपील थी। उन्होंने एक साल तक सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने, विदेश यात्रा टालने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने, खाने का तेल कम इस्तेमाल करने, स्वदेशी अपनाने और इंपोर्टेड रासायनिक खादों पर निर्भरता घटाने की अपील की थी।

52 लाख शादियां, 6 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान
गोयल ने बताया कि इस साल शादी के सीजन में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। इससे लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। इसमें सोने और चांदी के आभूषणों की हिस्सेदारी करीब 8 से 10 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *