सरकार की जबरदस्त स्कीम : हर महीने 577 जमा करें और बुढ़ापे में पाएं 5,000 पेंशन

ram

नई दिल्ली। बुढ़ापे में पैसों की चिंता न करनी पड़े, इसके लिए समय रहते बचत करना बहुत जरूरी है। खासकर उन लोगों के लिए जो प्राइवेट नौकरी करते हैं, छोटा-मोटा काम करते हैं या अनऑर्गनाइज्ड सेक्टर में काम करते हैं। ऐसे लोगों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने अटल पेंशन योजना (APY) शुरू की है। इस योजना में आप अपनी कमाई के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पैसा जमा करके 60 साल की उम्र के बाद हर महीने पेंशन पा सकते हैं। इस योजना की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें आपको ₹1,000 से लेकर ₹5,000 तक की गारंटीड मासिक पेंशन मिल सकती है। आप जितनी कम उम्र में इस योजना से जुड़ेंगे, आपको उतना ही कम पैसा जमा करना होगा।

अटल पेंशन योजना में कौन जुड़ सकता है?
अटल पेंशन योजना में 18 से 40 साल तक की उम्र के भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, 1 अक्टूबर 2022 से इनकम टैक्स भरने वाले लोग इस योजना में नया खाता नहीं खुलवा सकते। लेकिन जिन लोगों ने 30 सितंबर 2022 या उससे पहले खाता खुलवा लिया था, वे पहले की तरह इसमें पैसा जमा करते रह सकते हैं। इस योजना में नौकरी करने वाले, छोटा कारोबार चलाने वाले और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोग भी शामिल हो सकते हैं। खाता खुलवाने के लिए आप अपने बैंक या पोस्ट ऑफिस में जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कई बैंक ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी देते हैं।

30 साल की उम्र में कितना पैसा जमा करना होगा?
अगर आपकी उम्र 30 साल है और आप 60 साल के बाद हर महीने ₹5,000 पेंशन पाना चाहते हैं, तो आपको अगले 30 साल तक नियमित रूप से योगदान करना होगा। योगदान के तीन विकल्प हैं–
हर महीने: ₹577 जमा करने होंगे। 30 साल में कुल 360 किस्तें होंगी और कुल ₹2,07,720 जमा होंगे।
हर तीन महीने में: ₹1,720 जमा करने होंगे। कुल 120 किस्तों में ₹2,06,400 जमा होंगे।
हर छह महीने में: ₹3,405 जमा करने होंगे। कुल 60 किस्तों में ₹2,04,300 जमा होंगे।
यानी अगर आप 30 साल की उम्र में इस योजना से जुड़ते हैं, तो करीब ₹2.04 लाख से ₹2.07 लाख तक जमा करके 60 साल की उम्र के बाद हर महीने ₹5,000 पेंशन पा सकते हैं। बता दें कि आपकी उम्र जितनी कम होगी, उतना कम योगदान करना पड़ेगा। उदाहरण के लिए, 18 साल की उम्र में ₹5,000 पेंशन पाने के लिए हर महीने ₹210 जमा करने होते हैं, जबकि 40 साल की उम्र में हर महीने ₹1,454 जमा करने पड़ते हैं।

60 साल के बाद क्या-क्या फायदे मिलेंगे?
अटल पेंशन योजना में 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद चुनी गई रकम के हिसाब से हर महीने ₹1,000, ₹2,000, ₹3,000, ₹4,000 या ₹5,000 की पेंशन मिलती है। यह पेंशन खाताधारक की मृत्यु तक जारी रहती है। अगर खाताधारक की मृत्यु हो जाती है, तो उसके पति या पत्नी को जीवनभर उतनी ही मासिक पेंशन मिलती रहेगी। इसके बाद पति-पत्नी दोनों की मृत्यु होने पर योजना में जमा पेंशन कॉर्पस नॉमिनी को वापस कर दिया जाता है। ₹5,000 वाली पेंशन योजना में यह राशि लगभग ₹8.5 लाख बताई गई है।

क्या APY में ब्याज दर भी तय होती है?
अटल पेंशन योजना में बैंक की एफडी की तरह कोई निश्चित ब्याज दर घोषित नहीं की जाती। इसमें आपको चुनी हुई पेंशन राशि की गारंटी दी जाती है। योजना का पैसा PFRDA के नियमों के अनुसार निवेश किया जाता है। अगर निवेश से मिलने वाला रिटर्न कम पड़ता है, तो केंद्र सरकार कमी को पूरा करने की जिम्मेदारी लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *