स्वास्थ्य दल आपके द्वार अभियान का दूसरा चरण शुरू, आगामी 30 सितंबर तक होगा आयोजित

ram

जयपुर। जिले में मौसमी बीमारियों के साथ चिकनगुनिया, स्वाइन फ्लू की संभावित आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है। जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में स्वाइन फ्लू और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए तैयारियां समय पर पूरी रखने तथा सात सितम्बर से मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि विभाग की ओर से सात सितम्बर से स्वास्थ्य दल आपके द्वार अभियान का द्वितीय चरण शुरू किया गया है, जो 30 सितम्बर तक चलेगा। अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर सर्वे और दवा का छिड़काव करेंगे। साथ ही आशा, एएनएम, सीएचओ और डेंगू नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़ी टीमें घर-घर जाकर लार्वा की जांच करेंगी, बुखार के रोगियों की रक्त पट्टिका ली जाएगी और एंटी लार्वा गतिविधियां की जाएंगी। सर्वे एवं एंटोमोलॉजिकल गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, जांच, उपचार और संदिग्ध मरीजों की निगरानी व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकनगुनिया, स्वाइन फ्लू व मौसमी बीमारियों के लक्षण वाले मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें तुरंत चिकित्सकीय परामर्श दिया जाए।स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, बदन दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पुरानी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेष सावधानी बरतने तथा लक्षण दिखते ही नजदीकी अस्पताल में संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *