विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जनजागरूकता रैली, शपथ एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

ram

जयपुर। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर मनोचिकित्सा केन्द्र, जयपुर में आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जागरूकता पोस्टर का विमोचन, जनजागरूकता रैली तथा आत्महत्या रोकथाम की शपथ दिलाई गई।

सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि जनजागरूकता रैली में प्रतिभागियों ने आत्महत्या रोकथाम से संबंधित संदेशों एवं नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रैली के दौरान मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को समझने, व्यक्ति की बात को ध्यानपूर्वक सुनने, संकट की स्थिति में अकेला न छोड़ने तथा समय पर विशेषज्ञ सहायता लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कार्मिकों ने आत्महत्या रोकथाम की शपथ लेकर स्वयं जागरूक रहने तथा समाज में जरूरतमंद व्यक्तियों तक सहयोग एवं सहायता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान मनोचिकित्सा केन्द्र में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों को आत्महत्या के चेतावनी संकेतों, मानसिक तनाव एवं भावनात्मक संकट की पहचान, समय पर सहायता लेने तथा उपचार एवं परामर्श सेवाओं से जुड़ने के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करना कमजोरी नहीं, बल्कि सहायता प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या भावनात्मक संकट की स्थिति में व्यक्ति समय पर विशेषज्ञ सहायता प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम में मनोचिकित्सा केन्द्र के अधीक्षक डॉ. योगेश सतीजा, विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश गुप्ता, डॉ. राजेश कुमार शर्मा, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. महेश मिश्रा, डॉ. गुंजन सोलंकी, जिला नोडल अधिकारी डॉ. गजानंद वर्मा, डॉ. धर्मदीप, डॉ. विजय, डॉ. महीपाल एवं टेली-मानस से डॉ. रितिका सहित रेजिडेंट डॉक्टर्स, श्री संजय मित्तल, Psychiatric Nursing Officer, साइकोलॉजिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, मरीजों के परिजन एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *