महिला स्वावलंबन दीपावली प्रदर्शनी में राजपूती परिधान और हैंड प्रिंट ड्रेसेस रहे आकर्षण का केंद्र

ram

जयपुर। श्री राजपूत सभा जयपुर की ओर से सी-स्कीम स्थित सभा भवन भगवानदास रोड पर ‘महिला स्वावलंबन दीपावली प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। इस समारोह की मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कानून-व्यवस्था) कीर्ति सिंह रहीं। उन्होंने प्रदर्शनी में लगे स्टॉलों का अवलोकन कर महिला उद्यमियों से उनके उत्पादों, व्यावसायिक गतिविधियों और प्रगति के बारे में चर्चा की। उन्होंने महिलाओं के परिश्रम, रचनात्मकता और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना की।

मुख्य अतिथि कीर्ति सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। सभा के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह राणावत ने कहा कि महिला उद्यमियों का साहस, परिश्रम और संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है। सभा महिलाओं के स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

महामंत्री धीर सिंह शेखावत ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल खरीद-बिक्री का मंच नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का प्रयास है। इससे महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।

प्रदर्शनी के चारों दिन खरीदारों और दर्शकों की अच्छी भीड़ रही। हजारों लोगों ने महिला उद्यमियों के उत्पादों की खरीदारी की। राजपूती परिधान, हैंड प्रिंट ड्रेसेज और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे।

मेले के दौरान महिलाओं के लिए मेहंदी, मांडणा और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों के लिए चित्रकला, खेलकूद और नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ राजस्थानी गीत, घूमर नृत्य और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां भी हुईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। लकी ड्रॉ के माध्यम से इनाम कूपन के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

सभा सचिव भंवर सिंह भरथला ने बताया कि श्री राजपूत सभा भविष्य में भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले आयोजन करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *