जयपुर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय वर्चुअल समारोह में जनसंख्या स्थायित्व एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने पर जयपुर-प्रथम की दो महिला (एएनएम व आशा सहयोगिनी) को राज्य स्तरीय व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रमुख शासन सचिव महोदया गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम एवं निदेशक (परिवार कल्याण) डॉ. मधुरतेश्वर भी उपस्थित रहे।
सम्मानित होने वालों में सरिता कुमारी, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोविन्दगढ़ तथा आशा शर्मा, आशा सहयोगिनी, राजकीय चिकित्सालय मुरलीपुरा, जयपुर-प्रथम शामिल हैं। दोनों का चयन वर्ष 2025-26 की व्यक्तिगत पुरस्कार योजना के अंतर्गत परिवार नियोजन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजागरूकता तथा जनसंख्या स्थायित्व कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर किया गया।
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर-प्रथम में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में दोनों सम्मानित स्वास्थ्यकर्मियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह में भाग लेकर पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर-प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने दोनों पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे जयपुर-प्रथम जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि समर्पण, मेहनत और जनसेवा की भावना से किए गए कार्यों का यह राज्य स्तरीय सम्मान अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जयपुर-प्रथम की स्वास्थ्य टीम भविष्य में भी परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थायित्व कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहेगी।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) जयपुर-प्रथम डॉ. धर्मेंद्र कराडिया ने बताया कि परिवार नियोजन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, योग्य दंपत्तियों तक सेवाओं की पहुंच, परामर्श एवं जनजागरूकता गतिविधियों में एएनएम एवं आशा सहयोगिनियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके प्रयासों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ स्वस्थ एवं संतुलित समाज के निर्माण को भी मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सम्मानित स्वास्थ्यकर्मियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
18 जुलाई तक चलेगा जनसंख्या स्थिरता सात दिवसीय अभियान में विश्व जनसंख्या दिवस 2026 की थीम “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” के अंतर्गत जिले में 11 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक जनसंख्या स्थिरता सात दिवसीय अभियान का आयोजन किया जाएगा। डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि पखवाड़े के दौरान जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों पर परिवार नियोजन संबंधी परामर्श, अस्थायी एवं स्थायी परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता, योग्य दंपत्तियों की काउंसलिंग तथा व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार, सुरक्षित मातृत्व और बेहतर भविष्य के लिए परिवार नियोजन अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. धर्मेंद्र कराडिया ने बताया कि अभियान के दौरान छोटे परिवार के लाभ, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावकत्व के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष आईईसी गतिविधियां, रैलियां, परामर्श शिविर एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित होंगे। आशा सहयोगिनी, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मी घर-घर संपर्क कर पात्र दंपत्तियों को परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी देंगे तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें चिकित्सा संस्थानों से जोड़ेंगे। सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर आवश्यक गर्भनिरोधक साधनों एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी पात्र दंपत्तियों से परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध परिवार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

विश्व जनसंख्या दिवस पर जयपुर-प्रथम की सरिता कुमारी एवं आशा शर्मा को उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला व्यक्तिगत पुरस्कार
ram


