ग्रामीण सेवा शिविर बना जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी माध्यम

ram

जोधपुर। पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत प्रह्लादपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी मंच साबित हुआ। शिविर में किसानों को कृषि एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जिससे उनके कृषि कार्यों को नई गति मिली है।

खेत तलाई योजना से जल संरक्षण और उत्पादन में बढ़ोतरी
ग्राम पंचायत प्रहलादपुरा निवासी इन्द्रा देवी पत्नी रूपाराम ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की खेत तलाई योजना के तहत आवेदन किया था। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृति मिलने के बाद खेत तलाई का निर्माण करवाया, जिस पर उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि खेत तलाई में वर्षा एवं अतिरिक्त जल का संग्रहण होने से सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध रहता है। इस पानी का उपयोग ड्रिप एवं फव्वारा सिंचाई पद्धति से किया जा रहा है, जिससे सिंचाई लागत में कमी आई है तथा फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। इन्द्रा देवी ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं शेरगढ़ विधायक श्री बाबूसिंह राठौड़ का आभार व्यक्त किया।

ब्याज मुक्त फसली ऋण से मिली आर्थिक संबल
ग्राम पंचायत प्रहलादपुरा के किसान रूपाराम पुत्र जीयाराम को ग्रामीण सेवा शिविर में ब्याज मुक्त फसली ऋण योजना के तहत 62 हजार 700 रुपये की ऋण राशि का लाभ प्रदान किया गया। रूपाराम ने बताया कि इस सहायता से खेती के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है तथा कृषि कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं विधायक श्री बाबूसिंह राठौड़ का धन्यवाद ज्ञापित किया।

नैनो उर्वरकों के उपयोग से बढ़ेगी उत्पादकता
शिविर के दौरान किसान मांगीलाल पुत्र कुंभाराम को खरीफ फसल के लिए इफको नैनो डीएपी एवं इफको नैनो यूरिया (500 मिलीलीटर) की बोतलों का वितरण किया गया। मांगीलाल ने बताया कि वे नैनो यूरिया का उपयोग बाजरे की फसल में स्प्रे के रूप में करेंगे, जिससे फसल की वृद्धि एवं पैदावार में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार एवं विधायक श्री बाबूसिंह राठौड़ के प्रति आभार व्यक्त किया।

टीबी मुक्त भारत के संकल्प को किया दोहराया
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीबी उन्मूलन की शपथ लेकर जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों एवं किसानों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है, जिससे कृषि उत्पादन, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *