विकास की 12 वर्षीय गाथा से रूबरू हुआ झालावाड़, विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ

ram

झालावाड़। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” का शुक्रवार को मिनी सचिवालय स्थित ऑडिटोरियम में भव्य शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आकर्षक स्टैंडी, फ्लेक्स एवं सूचना सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

12 वर्षों के दौरान देश में हुए व्यापक बदलाव

जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए व्यापक बदलावों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसमें गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना विकास, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा जनधन योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।

आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को यह जानकारी दी जा रही है कि किस प्रकार केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही प्रदर्शनी में विकसित भारत-2047 के संकल्प एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी दर्शाया गया है।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा इस पहल की सराहना की। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आमजन से 14 जून तक आयोजित इस विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन करने एवं विकास, सुशासन तथा जनकल्याण की प्रेरणादायी यात्रा से जुड़ने की अपील की गई है।

प्रदर्शनी 14 जून तक आमजन के लिए रहेगी खुली

सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हेमन्त छीपा ने बताया कि तीन दिवसीय यह विशेष प्रदर्शनी 14 जून तक प्रातः 10 से शाम 5 बजे तक प्रतिदिन आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी, जहां नागरिक सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, पूर्व विधायक मानसिंह चौहान, नगर परिषद के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, उपाध्यक्ष चन्द्रमोहन धाभाई, जिला मंत्री प्रकाश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *