गोल्ड ETF में 16 महीने का रिकॉर्ड निवेश, अगस्त में इसमें लोगों ने लगाए 1,028 करोड़ रुपए, ये जुलाई के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा

ram

गोल्ड ETF (गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड) में बीते महीने यानी अगस्त में 1,028 करोड़ रुपए का निवेश हुआ। ये गोल्ड ETF में 16 महीनों का रिकॉर्ड निवेश है। इससे पहले अप्रैल 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण इसमें 1,100 करोड़ रुपए का निवेश हुआ था। इस साल अमेरिका में ब्याज दरें लगातार बढ़ने से रिस्क बढ़ने के चलते गोल्ड ETF में निवेश बढ़ा है।

म्यूचुअल फंड कंपनियों के संगठन एम्फी के आंकड़ों के मुताबिक, गोल्ड ETF में 2023 में अब तक 73.40% निवेश सिर्फ अगस्त में आया। इस साल में अगस्त तक इसमें कुल 1,400 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। जुलाई में गोल्ड ETF में 456 करोड़ रुपए आए थे।

अप्रैल-जून में 298 करोड़ का ही निवेश हुआ
अप्रैल-जून में इस श्रेणी में 298 करोड़ का ही निवेश हुआ था। इससे पहले लगातार तीन तिमाहियों में गोल्ड ETF में बिकवाली देखने को मिली थी। जनवरी-मार्च 2023 में इस श्रेणी से 1,243 करोड़ रुपए, अक्टूबर-दिसंबर 2022 में 320 करोड़ रुपए और जुलाई-सितंबर 2022 में 165 करोड़ रुपए की निकासी हुई थी। अप्रैल 2022 के बाद इस साल अगस्त में गोल्ड ETF में सबसे अधिक मासिक निवेश हुआ।

गोल्ड ETF क्या है ?
यह एक ओपन एंडेड म्यूचुअल फंड होता है, जो सोने के गिरते-चढ़ते भावों पर आधारित होता है। यह गोल्ड में इन्वेस्टमेंट के साथ स्टॉक में इन्वेस्टमेंट की फ्लेक्सिबिलिटी देता है। गोल्ड ETF की खरीद-बिक्री शेयर की ही तरह BSE और NSE पर की जा सकती है। हालांकि, इसमें आपको सोना नहीं मिलता। आप जब इससे निकलना चाहें तब आपको उस समय के सोने के भाव के बराबर पैसा मिल जाएगा। इसमें कैसे कर सकते हैं निवेश?
गोल्ड ETF खरीदने के लिए आपको अपने ब्रोकर के माध्यम से डीमैट अकाउंट खोलना होता है। इसमें NSE पर उपलब्ध गोल्ड ETF के यूनिट आप खरीद सकते हैं और उसके बराबर की राशि आपके डीमैट अकाउंट से जुड़े बैंक अकाउंट से कट जाएगी। आपके डीमैट अकाउंट में ऑर्डर लगाने के दो दिन बाद गोल्ड ETF आपके अकाउंट में डिपॉजिट हो जाते हैं। ट्रेडिंग खाते के जरिए ही गोल्ड ETF को बेचा जाता है।

साल के आखिर तक 65 हजार तक जा सकता है सोना
त्योहारों में सोने-चांदी की बीच मांग बढ़ेगी। इसके चलते दिवाली तक सोना 62,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 78-80 हजार रुपए प्रति किलो तक जा सकती है। 2023 के अंत तक सोना 65,000 रुपए का और चांदी 90,000 रुपए तक पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *