राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके : राहुल

ram

नई दिल्ली। राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उनकी हत्या हो सके। राहुल ने एक वीडियो में मां सोनिया और बहन प्रियंका के साथ यह बात कही। वीडियो में वे सोनिया की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ पर चर्चा करते दिखे। यह किताब 16 नवंबर को दिल्ली में लॉन्च हुई थी। राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां सोनिया से कहा था कि अगर सुरक्षा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है। राजीव की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।

सोनिया बोलीं- बिहार दौरे के बाद राहुल ने जताई थी आशंका
सोनिया ने वीडियो में बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर गए थे। उन्होंने इस दौरे को बहुत डरावना बताया। उस समय राजीव विपक्ष के नेता थे। वे खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। लोगों ने उन पर पत्थर फेंके थे। सोनिया ने कहा कि अगर सुरक्षा ठीक नहीं हो और किसी राज्य में BJP या विपक्ष की सरकार हो, तो वहां सुरक्षा पर खास ध्यान नहीं दिया जाता। इस दौरे से घर लौटकर राहुल ने मुझसे कहा, ‘मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में शामिल होऊंगा। राहुल ने बातचीत में बिहार दौरे को आखिरी चेतावनी बताया था। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी सुरक्षा को लेकर अपनी बात साफ कर चुके थे।

विपक्षी नेता कहते थे- सुरक्षा की वजह से राजीव लोगों से कट गए
राजीव गांधी राजनीति में आने से पहले पायलट थे। वे 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद प्रधानमंत्री बने थे। कई वर्षों तक राजीव गांधी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनते थे। उनकी कड़ी सुरक्षा रहती थी। विरोधी दल के नेता इसका मजाक भी उड़ाते थे। 1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस हार गई। विपक्षी गठबंधन चुनाव जीतकर सत्ता में आया। वीपी सिंह ने तब कहा था कि कमांडो दस्ते से घिरे रहने वाले राजीव गांधी लोगों से कट गए हैं। राजीव गांधी ने 1991 में बिहार की एक रैली में इस बात को स्वीकार किया था। टाइम मैगजीन के मुताबिक, उन्होंने 5 मई को बिहार में कहा था, ‘मैं 1984 में कांग्रेस का महासचिव रहते ऐसे ही प्रचार करता था। लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद सिस्टम ने मुझे अपने कब्जे में ले लिया।’ उन्होंने कहा था, ‘खतरा अब भी है और कम नहीं हुआ है, लेकिन कोई विकल्प नहीं है। या तो आप प्रचार करें या अपनी सुरक्षा संभालें।’ इसके बाद राजीव तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर गए। 21 मई को एक महिला चंदन की माला लेकर उनके सामने झुकी। तभी बम विस्फोट हुआ और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत हो गई। उस समय राजीव 49 साल के थे।

प्रियंका ने बताया- मां पापा की सुरक्षा को लेकर परेशान रहती थीं
प्रियंका ने कहा कि इंदिरा की हत्या के बाद सोनिया पापा (राजीव) की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित रहती थीं। सोनिया घर की कांटेदार तारें जांचती थीं। वह यह भी देखती थीं कि सुरक्षा गार्ड सो तो नहीं रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि उनका कमरा घर के सामने था। इसलिए वह अपने पिता के कदमों की आवाज सुनने तक सोती नहीं थीं।
प्रियंका ने कहा कि मुझे याद है, स्कूल में एक छोटा लड़का मेरे पास आया और बोला, तुम्हारे चाचा (संजय गांधी) जेल में हैं, तुम्हारे चाचा चोर हैं। यह सुनकर मैंने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह रोने लगा।

सोनिया बोलीं- PM बनने से इनकार करते वक्त सत्ता का आकर्षण महसूस हुआ
सोनिया ने 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के फैसले को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय उनके मन में सत्ता का आकर्षण था। उन्हें लग रहा था कि चुनाव प्रचार के दौरान देशभर में कांग्रेस के लिए जुटे कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी जिम्मेदारी है। वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UPA की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने को लेकर उनके मन में असमंजस था। उन्होंने कहा- मुझे लगा कि मैं उन लोगों की ऋणी हूं, खासकर उन कार्यकर्ताओं की, जिन्होंने पूरे देश में कांग्रेस के लिए वोट जुटाने की कोशिश की। मैं उन्हें कैसे निराश कर सकती थी और कह सकती थी कि अलविदा, मैं जा रही हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *