धौलपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपित को किया डिटेन

ram

धौलपुर। धौलपुर में एक तीस वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह दुस्साहसिक वारदात धौलपुर के रीको क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई। वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पंहुची पुलिस ने आरोपित युवक तथा मृतक की पत्नी को डिटेन किया है। प्रारंभिक पडताल में यह मामला कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से जुडा बताया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक शहर प्रदीप कुमार नेहरा ने बताया कि धौलपुर के सदर थाना इलाके के रीको क्षेत्र में अर्जुन नगर कालोनी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृत युवक को गर्दन और छाती में दो गोलियां लगीं,जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन नगर कालोनी निवासी बहादुर कश्यप के रूप में हुई है। दक्षिण भारत के केरलम में पत्थर का काम करने वाला करीब तीस वर्षीय मृतक बहादुर कश्यप बीते करीब सात साल से यहीं पर रहता था। मंगलवार सुबह उसकी गोली मारकर हत्या करने के आरोप उसके पडौसी राेहित कुमार पर लगे हैं। गोली लगने के मृत बहादुर कश्यप के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है,जहां उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सीओ सिटी ने बताया कि मौके पर पंहुची एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाएं हैं तथा हर एंगल से मामले की पडताल की जा रही है। उधर,मौके पर पहुंची पुलिस ने कथित तौर पर हत्या के आरोपित रोहित तथा मृतक बहादुर कश्यप की पत्नी रीना कश्यप को डिटेन किया है,जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस तथा परिजनों के मुताबिक मृतक बहादुर कश्यप और रीना का विवाह करीब 14 साल पूर्व हुआ था तथा उनके तीन बच्चे हैं। मृतक बहादुर कश्यप दीपावली पर ही केरलम से धौलपुर आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *