जोधपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही जोधपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। चुनावों के कुशल संचालन, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और आमजन की चुनाव संबंधी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) कार्यालय द्वारा तहसील कार्यालय जोधपुर के ईजलास कक्ष में 24×7 कार्यरत रहने वाला चुनावी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
24 घंटे पारीवार नियुक्त हुए कार्मिक
राजस्थान पंचायत अधिनियम 1994 की धारा 119(1) के तहत जारी आदेश के अनुसार, नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों की तीन पारियों (सुबह 6:00 से दोपहर 2:00 बजे, दोपहर 2:00 से रात 10:00 बजे और रात 10:00 से सुबह 6:00 बजे तक) में ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आरक्षित कार्मिकों की भी तैनाती की गई है।
ये होंगे नोडल अधिकारी
नोडल अधिकारी: किशन सिंह भाटी, नायब तहसीलदार, डांगियावास (जोधपुर)
सहायक नोडल अधिकारी: राजूराम कावा, व्याख्याता, राउमावि नादड़ा कलां
नियंत्रण कक्ष संपर्क नंबर: 0291-2551001
पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव पर रहेगा जोर
नियंत्रण कक्ष द्वारा मतदान दलों की नियुक्ति, जोनल/एरिया मजिस्ट्रेटों की तैनाती, पुलिस जाब्ता, प्रशिक्षण, नामांकन और सील्ड बॉक्सेज को जमा कराने जैसी समस्त गतिविधियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और समन्वय किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियंत्रण कक्ष से केवल प्रामाणिक और सही सूचनाएं ही साझा की जाएंगी।


