गोविंद देवजी मंदिर में श्रद्धालुओं को वितरित किए मटके, आगामी दिनों में 1000 मटके और बांटे जाएंगे

ram

जयपुर। देश-प्रदेश में अच्छी वर्षा और रामगढ़ बांध पर एक बार फिर चादर चलने की मंगल कामना के साथ गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में पंच कुंडीय सुवृष्टि कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सनातन बोर्ड संघर्ष समिति के संयोजक राहुल द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर यज्ञ का शुभारंभ किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को मिट्टी के मटके वितरित कर भारतीय संस्कृति और परम्पराओं की ओर लौटने का संदेश दिया। सनातन बोर्ड संघर्ष समिति की ओर से आगामी दिनों में गलता गेट, जय सिंहपुरा खोर, विद्याधर नगर में एक हजार मटके वितरित किए जाएंगे। मटका वितरण के साथ जल संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

यज्ञ में पारियों में करीब ढाई सौ श्रद्धालुओं ने यज्ञ देवता को आहुतियां अर्पित की। भगवान देवराज इंद्र और वरूण देवता का भावभरा आह्वान कर मानसून के दौरान श्रेष्ठ वर्षा करते हुए भरपूर बारिश करने की प्रार्थना की। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा और सह व्यवस्थापक मणिशंकर पाटीदार के निर्देशन में गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के दिनेश आचार्य दिनेश मारबदे की टोली ने प्रज्ञा गीतों के साथ यज्ञ संपन्न कराया। मुख्य वक्ता गिरधर गोपाल आसोपा ने कहा कि गायत्री मंत्र का जप करने वाला व्यक्ति ईश्वरीय चेतना के साथ सीधे जुड़ जाता है। गायत्री महामंत्र का नियमित रूप से जप करने वाले को विवेक, आत्म विश्वास और सदबुद्धि सहज सुलभ हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *