जयपुर में सबसे बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई, कई इलाकों में 24 घंटे इंटरनेट बंद, बिजली आपूर्ति भी रोकी गई

ram

जयपुर। राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित नंदपुरी अंडरपास क्षेत्र में सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

सुबह से ही जेसीबी और अन्य मशीनों के साथ जेडीए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आमजन की आवाजाही रोक दी गई, जबकि सुरक्षा कारणों से कई स्थानों पर सड़कें बंद कर दी गईं। प्रशासन ने लोगों को घरों की छतों पर एकत्र नहीं होने की चेतावनी देते हुए लगातार उद्घोषणाएं भी कराईं।

कार्रवाई को देखते हुए प्रशासन ने कई थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दीं।

संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार के आदेशानुसार रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक 2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। इसके साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स सहित इंटरनेट आधारित संदेश सेवाओं और सामूहिक एसएमएस सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने कार्रवाई क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी, ताकि वाई-फाई के माध्यम से इंटरनेट का उपयोग न हो सके। पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या वीडियो प्रसारित होने से रोकने के लिए विशेष साइबर टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

नंदपुरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जयपुर के अलावा कोटा और भरतपुर रेंज से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ सामग्री या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जेडीए विजिलेंस शाखा के उपमहानिरीक्षक आनंद शर्मा के अनुसार 22 मई को इसी मार्ग पर अभियान चलाकर 134 अतिक्रमण हटाए गए थे। इसके बाद प्रभावित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया था। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अब प्रशासन ने दोबारा कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों के अनुसार करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग की राजस्व अभिलेखों में चौड़ाई 80 फीट दर्ज है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर यह केवल 25 से 30 फीट तक सिमट गया था। यह सड़क नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से जोड़ती है और छह प्रमुख कॉलोनियों के बीच से गुजरती है।

प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ी होने के बाद हरे कृष्णा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और नंदपुरी से जगतपुरा तक आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। इस परियोजना से आसपास की 50 से अधिक कॉलोनियों के निवासियों को मालवीय नगर, प्रधान मार्ग और एपेक्स सर्किल क्षेत्र तक बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।

पूरे अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।

प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक हित में सड़क चौड़ीकरण का यह अभियान आवश्यक है और इसे पूरी सुरक्षा एवं सतर्कता के साथ पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *