नई दिल्ली। दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की 7वीं बैठक जारी है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी इस बैठक में पहुंची हैं। बैठक में जम्मू-कश्मीर CM उमर अब्दुल्ला, सांसद अभिषेक बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले समेत कई भी मौजूद हैं। वहीं, शिवसेना (UBT) चीफ उद्धव ठाकरे ऑनलाइन जुड़े हैं। कांग्रेस ने बैठक में 23 विपक्षी दलों के शामिल होने का दावा किया है। अटकलें थीं कि तमिलनाडु में विजय की सरकार में शामिल होने के बाद TVK को बैठक में बुलाया जा सकता है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उन्हें बैठक का न्योता नहीं दिया गया है। INDIA ब्लॉक की पिछली बैठक एक जून 2024 को दिल्ली में खड़गे के घर पर हुई थी। यानी, पूरे 2 साल के बाद गठबंधन के नेता एकसाथ जुटे हैं। इधर, महाराष्ट्र के बारामती में NCP-SCP चीफ शरद पवार ने कहा कि मौजूदा समय में ब्लॉक के सभी दलों को एकजुट रखना सबसे जरूरी है।
यूथ कांग्रेस ने कांग्रेस-राहुल के खिलाफ लगे पोस्टर फाड़े
दिल्ली की अकबर रोड पर सोमवार सुबह कुछ पोस्टर लगाए गए थे। हालांकि पोस्टर किसने लगाए इसका पता नहीं चल सका है। पोस्टर में राहुल गांधी की तस्वीर थी और कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी थी। दोपहर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पोस्टर को फाड़ा। एक पोस्टर में NCP-SCP चीफ शरद पवार की तस्वीर लगी थी, लिखा था- राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी (स्थिरता) की कमी है।
खड़गे बोले- संविधान पर हमले जारी हैं
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- संविधान पर हमले जारी हैं और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। आर्थिक माहौल कमजोर है और निवेश अपेक्षित गति से नहीं आ रहा, जिससे रोजगार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में मिसमैनेजमेंट हुआ, जिससे लाखों युवाओं की उम्मीदों पर असर पड़ा है। 17 अप्रैल 2026 के दिन सभी विपक्षी दलों ने लोकसभा में एकजुट होकर परिसीमन से जुड़े विधेयकों को हराने में भूमिका निभाई थी। इसी एकता को आगे भी मजबूत करने की जरूरत है।



